टोंक

शिकायत पर बीसलपुर पाइप लाइन से 10 अवैध कनेक्शन काटे, विभाग ने दी पानी चोरी करने वाले के खिलाफ मामला दर्ज करने की चेतावनी

जलदाय विभाग की ओर से बीसलपुर ग्रामीण पेयजल योजना से टोरडी गांव में अवैध रूप से लिए पानी के कनेक्शन काट दिए गए    
2 min read
• •
Updated: 8 Apr 2018, 9:33 AM IST
अवैध कनेक्शन काट दिए
टोरडी गांव में अवैध रूप से कनेक्शन मिलने की शिकायतों पर विभाग की ओर से 10 अवैध कनेक्शन काट दिए।

मालपुरा. जलदाय विभाग की ओर से शनिवार को टोरडी से डूंगरीकला जा रही बीसलपुर ग्रामीण पेयजल योजना से टोरडी गांव में अवैध रूप से कनेक्शन मिलने की शिकायतों पर विभाग की ओर से 10 अवैध कनेक्शन काट दिए। जलदाय विभाग की कनिष्ठ अभियन्ता तारा स्वामी, डिग्गी जेईएन अनुसूइया तिवाड़ी, एएसआई पीरूलाल सहित जलदायकर्मियों ने बीसलपुर ग्रामीण पेयजल योजना की राइजिंग लाइन से अवैध रूप से कनेक्शन लेने पर टोरडी माली मोहल्ले में चार कनेक्शन, कहार मोहल्ले में चार अवैध कनेक्शन ले रखे थे। वहीं भवानीपुरा ढाणी में दो अवैध कनेक्शन मिले। जिस पर विभाग की ओर से सभी अवैध कनेक्शनों को विच्छेद किया जाकर सभी के खिलाफ पानी चोरी करने का थाने में मामला दर्ज कराने की चेतावनी दी।


व्यर्थ बह रहा है पानी
पलाई (उनियारा). पंचायत प्रशासन की अनदेखी के चलते सैकड़ों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। तेजाजी परिसर में 50 हजार लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी है। ये वार्डवासी, मवेशियों के पानी की खेल भरने, यात्रियों आदि के उपयोग में आती है। इससे वार्डवासी पीने का पानी भरते है, लेकिन पंचायत द्वारा ध्यान नहीं देने के कारण सैकड़ों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि वार्डो में एक ओर तो 4-5 दिन में पानी की सप्लाई हो रही है। दूसरी ओर टंकी का पाइप करीब 8 -10 दिन से लीकेज होने से रोजाना सैकड़ों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। ग्रामीणों ने लीकेज पाइप को ठीक कराने के लिए पम्पचालकों एवं पंचायत प्रशासन को अवगत कराया, लेकिन पंचायत प्रशासन ने कोई सुध नहीं ली।

प्वाइंट की टोटियां चोरी, व्यर्थ बह रहा पानी
निवाई. सरकार ने ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल समस्या को दूर करने के लिए बीसलपुर पेयजल योजना से गांव को जोड़ा, लेकिन लापरवाही के चलते सार्वजनिक स्थलों पर लगे हुए प्वाइंट की टोटियां चुरा ले जाने से पानी बह रहा है। हेमराज चौधरी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में पीने के पानी की समस्या को दूर करने के लिए बीसलपुर योजना के तहत गांव-गांव व घर-घर में पानी पहुंचाया है, लेकिन इस सुविधा का कई गांव में दुरूपयोग हो रहा है। लोगों ने नल की टोटियां तोड़ दी है इससे पानी व्यर्थ में बह रहा है। उन्होंने टोटियां लगाकर पानी की बचत करने का आह्वान किया
है।

Published on: