
पीपलू. न्यायालय की रोक के बाद भी अवैध बजरी खनन थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसके चलते बजरी खनन माफिया के हौसले बुलन्द हैं। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि रोजाना बजरी से भरे वाहन पकड़े जा रहे हैं। पीपलू थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात बजरी से भरे चार ट्रक पकड़े हैं। बजरी पर रोक लगाने के बाद से ही ट्रक एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक सक्रिय हो गए हैं। इसके चलते रात के समय गुप्त रास्ते से सैकड़ों ट्रैक्टर ट्रॉलियां व ट्रक गुजर रहे हैं।
अभियान जारी
स्थानीय पुलिस ने गश्त के दौरान नानेर की ओर से बजरी से भरे आ रहे तीन ट्रकों को एवं पीपलू की ओर से भूरावाली की तरफ जा रहे एक ट्रक को पकड़ा है। थाना प्रभारी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि अवैध बजरी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
पांच दिन बाद भी दर्ज नहीं हुई प्राथमिकी
टोंक. गश्त के दौरन राजकार्य में बाधा डाल कर ट्रैक्टर एवं जेसीबी छुड़ा ले जाने के मामले में पांच दिन बाद भी नगरफोर्ट पुलिस ने मामला दर्ज नहींंंंं किया है। भोजपुरा नाके के वनपाल फरीद खां ने बताया कि 28 अप्रेल को रेंज क्षेत्र एवं झालरा-फुलेता प्लांटेशन में अलग-अलग समय पर चार ट्रैक्टर एवं जेसीबी मशीन पकड़ी थी, लेकिन आरोपित संख्या में अधिका होने के कारण मौके से ट्रैक्टर एवं जेसीबी मशीन को छुड़ा ले गए। इसकी सूचना रेंजर को भी दी गई। इधर, मामले की प्राथमिकी नगरफोर्ट थाने में 30 अप्रेल को दिए जाने के बाद भी अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पाई है।
दूसरे दिन भी अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
टोडारायसिंह. नगरपालिका क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रही। लोगों ने बताया कि नगरपालिका क्षेत्र में बीसलपुर रोड से जयपुर रोड स्थित नए बस स्टैण्ड तथा पीपली चौराहे से केकड़ी मार्ग पर सौंदर्यकरण कार्य ? के बीच डिवाइडर निर्माण व बिजली खम्बे स्थापित करने के बाद से अतिक्रमण आवाजाही में बाधित साबित हो रहा था।
अभियान के तहत दूसरे दिन पालिकाकर्मियों के साथ सबंधित व्यक्ति भी दुकानों के सामने अतिक्रमण हटाने में जुटे रहे। नगरपालिकाध्यक्ष संतकुमार जैन ने बताया कि बिना भेदभाव के कस्बे में अतिक्रमण हटाया गया है। इसके अच्छे परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने शहर के विकास व सौन्दर्यकरण बढ़ाने को लेकर किए जा रहे प्रयासों में लोगों को सहयोग देने की अपेक्षा की है।