टोंक

कार की टक्कर से घायल सगे दो भाई एम्बुलेंस के अभाव में तड़पते रहे

एम्बुलेंस के मौके पर नहीं होने से घायलों को अस्पताल में पहुंचाने के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा  
2 min read
Oct 30, 2017
आमने-सामने टक्कर
मालपुरा. मालपुरा-केकड़ी मार्ग पर रात एक कार व बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो सगे भाई गम्भीर घायल हो गए।

मालपुरा. मालपुरा-केकड़ी मार्ग पर शनिवार रात एक कार व बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो सगे भाई गम्भीर घायल हो गए। इनमें एक की हालत गम्भीर होने पर उसे जयपुर रैफर किया गया। वहीं एम्बुलेंस के मौके पर नहीं होने से घायलों को अस्पताल में पहुंचाने के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा तथा निजी साधनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।


पुलिस के अनुसार रामप्रसाद व जयप्रकाश जांगिड़ पुत्र गोपाल निवासी पीमूण बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहे थे कि अचानक सामने से आ रही कार से हुई टक्कर में दोनों भाई गिरकर गम्भीर घायल हो गए, जिनको अस्पताल पहुंचाने के लिए लोगों ने 108 में सूचना दी, लेकिन मालपुरा अस्पताल में लगी एम्बुलेंस 108 के मौके पर नहीं होने व रैफर केस लेकर जयपुर जाने से घायल काफी देर सडक़ पर पड़े रहे।

बहुत देर तक एम्बुलेंस के नहीं आने पर आस-पास रहने वाले युवकों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को निजी साधनों से अस्पताल पहुंचाया। जहां गम्भीर हालात होने पर चिकित्सकों ने रामप्रसाद को जयपुर रैफर कर दिया। पुलिस ने कार को जब्त कर मामले की जांच शुरू की।

महिला की नथ तोडकऱ फरार
पचेवर. क्षेत्र के किरावल गांव में शनिवार देर शाम बाइक सवार तीन जने खेत पर काम रही महिला की नथ तोडकऱ फरार हो गए। पुलिस के अनुसार गांव निवासी महिला प्रेमदेवी पत्नी रामअवतार शर्मा अपने खेत पर काम कर रही थी। शाम के समय जब वह घर आने की तैयारी कर रही थी कि उस समय अचानक एक बाइक पर सवार तीन जने उसके पास आए।

दो जने तो बाइक पर ही बैठे रहे व एक उसके पास आया। प्रेमदेवी ने उसे अनजान समझ कर ध्यान नहीं दिया।तभी वह झपट्टा मार कर प्रेमदेवी के नाक से सोने की नथ तोडकऱ बाइक से फरार हो गया। प्रेमदेवी ने हड़बड़ाकर पास ही खेतों में काम कर रहे लोगों को पुकारना शुरू कर दिया। इस पर लोगों ने लुटेरों का पीछा किया। थाना प्रभारी राधाकिशन ने लुटेरों की तलाश शुरू कर दी।


मुकुट चोरी
लाम्बाहरिसिंह. क्षेत्र के कुहाड़ा बुजुर्ग व भादू का खेड़ा के बीच जंगल में बने बालाजी मंदिर का चोर शनिवार रात ताला तोड़ उसमें रखे चांदी का मुकुट समेत अन्य सामान ले गए। वारदात का सुबह पता चला। जब पुजारी मंदिर पहुंचा। पुजारी बंशीदास ने थाने में मामला दर्ज कराया।

Published on:
30 Oct 2017 07:41 am