
टोंक. पंचायत समिति की साधारण सभा गुरुवार को नेहरू सभागार में प्रधान जगदीश गुर्जर की अध्यक्षता में हुई। इसमें सरपंचों व पंचायत समिति सदस्यों ने पानी, बिजली व सडक़ों के मुद्दे उठाए। साथ ही उन्होंने कहा कि टोंक पंचायत समिति क्षेत्र में गत दिनों हुई बरसात से फसलें नष्ट हो गई।
ऐसे में फसल बीमा कम्पनी से किसानों बीमा राशि दिलाई जाए। इस पर बैठक में निर्णय किया गया कि सरपंच व सदस्य जिला कलक्टर से मिलकर किसानों को बीमा राशि दिलाने के लिए अवगत कराएंगे।
ऐसे में बैठक के बाद प्रधान जगदीश गुर्जर के नेतृत्व में हाड़ीकला सरपंच रमेशचंद, देवली सरपंच उगंता, सोहेला सरपंच रामदास बैरवा, हतौना सरपंच रेशमा बानो, मेहंदवास सरपंच ज्योति यादव, सदस्य मोहम्मद जाकिर आदि ने कलक्टर को ज्ञापन सौंपा और किसानों को फसल बीमा कम्पनी से बीमा राशि दिलाने की मांग की।
80 प्रतिशत खराब
देवली के डूब क्षेत्र के रामथला, बड़ला, बीजवाड़, कांस्या गांवों में राजीव गांधी सद्भावना एवं ग्रामोथान संस्थान के अध्यक्ष डॉ विक्रम सिंह गुर्जर ने दौरा कर फसल खराबे को लेकर किसानो से चर्चा कर मुआवजे के बारे में जानकारी ली। किसानों ने बताया की लगभग 80 प्रतिशत फसल खराब हो चुकी है। इस दौरान में बंथली सरंपच रामस्वरूप जाट, ओबीसी कांग्रेस देवली ब्लॉक अध्यक्ष पोलूराम जाट, रामेश्वर आदि मौजूद थे।
मौके पर सर्वे करे
उनियारा. एसडीओ कैलाश चन्द गुर्जर ने राजस्व कर्मियों को फसल खराबे को लेकर मौके पर पहुंच सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा है। उन्होंने पटवारी एवं गिरदावरों की बैठक ली। इसमें तहसीलदार व गिरदावर भी मौजूद थे।
सत्याग्रह आज
बंथली. जिले में आ रही मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा व जन-विरोधी नीतियों के विरोध में दूनी तहसील मुख्यालय पर प्रदेश सचिव कुलदीपसिंह राजावत के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शुक्रवार को एक दिवसीय सत्याग्रह कर धरना देंगे। दूनी के आवां मार्ग पर हुई गुरुवार को कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
455 का किया पदस्थापन
टोंक. जिला परिषद की स्थापना समिति की बैठक गुरुवार को जिला प्रमुख सत्यनारायण चौधरी की अध्यक्षता में हुई। मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका ने बताया कि प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक के तृतीय श्रेणी अध्यापक भर्तीलेवल द्वितीय के तहत 455 शिक्षकों का पदस्थापन किया गया। इसमें सामाजिक विज्ञान में 62, हिन्दी में 124, उर्दूमें 12, अंगे्रजी में 248 तथा संशोधित अंग्रेजी के 9 अभ्यर्थियों का पदस्थापन किया गया। एडीएम कैलाशचंद शर्मा भी मौजूद थे।