टोंक

कांग्रेस के प्रदेश नेताओं ने भाजपा सरकार पर लगाएं खिलाडिय़ों की उपेक्षा के आरोप

जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते मालपुरा में खेल स्टेडियम नहीं बनने से खिलाडिय़ों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।  
2 min read
Jun 06, 2018
Kabaddi competition
मालपुरा कबड्डी प्रतियोगिता के शुभारम्भ पर अतिथियों का स्वागत करते आयोजक सतवीर चौधरी

मालपुरा. ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निकालने तथा खिलाडिय़ों को एक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से विधानसभा क्षेत्र मालपुरा-टोडारायसिंह में राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष सतवीर चौधरी के नेतृत्व में सोमवार शाम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारम्भ हुआ।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस के महासचिव वैभव गहलोत ने कहा कि खेलों से शारीरिक व मानसिक विकास होता है कांग्रेस शासन में प्रदेश में खेलों को विशेष महत्व दिया गया जिसके तहत ओलम्पिक खिलाड़ी कृष्णा पुनिया को पुलिस सेवा में वृत्ताधिकारी का पद दिया गया।

अजमेर सांसद डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि वर्तमान में सत्ता में मद मस्त सरकार खिलाडिय़ों के उत्थान व खेल के क्षेत्र में कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं कर रही है। जिससे खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर नहीं मिल रहा है। आयोजक सतवीर चौधरी ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते मालपुरा में खेल स्टेडियम नहीं बनने से खिलाडिय़ों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

समारोह को खाद बीज निगम के पूर्व चेयरमेन धर्मेन्द्र सिंह राठौड़, एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष हरिदान चारण, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामदेव बैरवा ने भी सम्बोधित किया। समारोह में ओलम्पिक खिलाड़ी सपना पूनिया ने कहा कि खिलाडिय़ों को हमेशा अपने खेल मे अनुशासन का पूरा ध्यान रखना चाहिए।

खेल को हमेशा खेल की भावना से खेलना चाहिए। प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए इमामुद्दीन ने बताया कि प्रतियोगिता में विधानसभा क्षेत्र की 70 टीमों के कुल 1000 खिलाड़ी भाग ले रहे है। इससे पूर्व सभी अतिथियों का आयोजनकर्ताओं की ओर से स्वागत किया गया।

प्रशासन ने प्रतियोगिता पर लगाई रोक:- आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता को लेकर अतिरिक्त पुलिस जाब्ते की मांग पर मंगलवार को उपखण्ड स्तरीय पुलिस व प्रशासन की हुई बैठक मे आयोजनकर्ताओं द्वारा प्रतियोगिता की स्वीकृति के नियमों की अवहेलना करने, अतिरिक्त जाब्ता नहीं देेने व शहर में कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कबड्डी प्रतियोगिता के लिए दी गई स्वीकृति वापिस लेने से मंगलवार को प्रतियोगिता नहीं हो सकी। इधर आयोजक सतवीर चौधरी ने बताया कि आयोजन को लेकर प्रशासन से वार्ता चल रही है। संचालन रमाकान्त पाठक ने किया।

Published on:
06 Jun 2018 10:19 am