
टोंक. पद का दुरुपयोग कर राजकोष में नुकसान पहुंचाने का मामला नगर पालिका मालपुरा के अधिशासी अधिकारी तथा चेयरमैन के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो टोंक में दर्ज कराया गया है। ब्यूरो ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी।
ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह ने बताया कि ये मामला मालपुरा निवासी बाबूलाल नावरिया ने नगर पालिका मालपुरा के अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार मीणा तथा चेयरमैन सपना टेमाणी के खिलाफ दर्ज कराया है।
उन्होंने बताया कि मालपुरा नगर पालिका ने जनवरी 2018 में सफाई कर्मचारियों के लिए टेण्डर जारी किए थे। इसमें भीलवाड़ा की अमृतधारा संस्था ने सबसे कम दर 8 हजार 900 रुपए प्रति कर्मचारी प्रतिमाह के हिसाब से टेण्डर कॉपी डाली थी।
इसके बावजूद अधिशासी अधिकारी तथा चेयरमैन ने ये टेण्डर अधिक दर पर मालपुरा की फर्म पहल संस्थान को 9 हजार 800 रुपए प्रति कर्मचारी प्रतिमाह के हिसाब से जारी कर दिए। जबकि इसकी निविदा भी जारी नहीं की गई और वर्क ऑडर दे दिए।
नगर पालिका ने दो महीने तक पहल संस्थान को 11 लाख 76 हजार रुपए का भुगतान भी कर दिया। इससे राजकोष को नुकसान हुआ है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार मीणा तथा चेयरमैन सपना टेमाणी समेत कनिष्ठ लेखाकार तथा सफाई शाखा के कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई कर पूछताछ की जाएगी।
संस्था के खिलाफ लिया था प्रस्ताव
एएसपी ने बताया कि टेण्डर लेने वाली फर्म पहल संस्था के खिलाफ अक्टूबर 2017 नगर पालिका मालपुरा बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित किया था। उन दिनों उसे दिए गए टेण्डर को निरस्त भी किया गया था। इसके बावजूद उक्त फर्म को अधिक दरों पर फिर से टेण्डर जारी कर दिए गए।
साझेदारी है चेयरमैन की
एएसपी विजय सिंह ने बताय कि दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक नगर पालिका मालपुरा की चेयरमैन सपना टेमाणी की उक्त फर्म पहल संस्था से साझेदारी है। ऐसे में उन्होंने अधिक दर के बावजूद इस फर्म को टेण्डर जारी कर दिए। इसमें पद का दुरुपयोग करने के साथ राजकोष को भारी नुकसान पहुंचाया गया है।