
टोडारायसिंह. नगरपालिका में कार्मिक की बहाली को लेकर बुधवार को पालिका ईओ से कहासुनी के बाद आंशिक कलम डाउन कर कार्मिकों ने विरोध जताया। इधर, कार्मिक की बहाली को लेकर अन्य पालिका कर्मचारियों ने पालिकाध्यक्ष संतकुमार जैन को ज्ञापन सौंपा।
उल्लेखनीय है कि नगरपालिका में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रामसहाय सैनी को गत 25 नवम्बर को कार्य के प्रति लापरवाही (कॉल अटेण्ड नहीं करने पर) पालिका ईओ चेतन कुमार जैन ने सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए थे।
एक माह गुजरने के बावजूद सबंधित कार्मिक की बहाली नहीं होने तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में बुधवार को कर्मचारी व पालिका ईओ के बीच कहासुनी हो गई।
अभद्रता करने के विरोध में सभी कार्मिकों ने कार्य का बहिष्कार करते हुए आंशिक कलम डाउन कर कार्यालय के बाहर आ गए। इधर, सूचना पर पालिकाध्यक्ष संतकुमार जैन मौके पर पहुंचे जहां पालिका कर्मचारी संघ अध्यक्ष रामसहाय सैनी की अगुवाई में अन्य कार्मिकों ने पालिकाध्यक्ष जैन को कार्मिक की बहाली को लेकर ज्ञापन सौंपा।
इस पर पालिकाध्यक्ष की मौजूदगी में कार्मिकों की आपसी समझाइश पर कार्मिक आंशिक कलम डाउन हड़ताल को समाप्त कर वापस काम पर लौट आए। इधर, ईओ चेतन कुमार जैन ने बताया प्रकरण में समझौता हो चुका है। सभी कार्मिक काम पर लौट चुके है। इस दौरान आशीष खण्डेलवाल, नवरत्न सैनी, सिकन्दर, ओमप्रकाश, दाखा समेत अन्य कार्मिक मौजूद थे।