
निवाई। जैन धर्म के जयकारों, भक्ति गीतों और श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी के बीच शुक्रवार को युवाचार्य सुन्दरसागर महाराज ससंघ का निवाई नगर में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। चातुर्मास के बाद सिद्धचक्र महामंडल विधान के लिए युवाचार्यश्री का पुनः निवाई आगमन हुआ। इस अवसर पर सकल दिगम्बर जैन समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकालकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
जैन समाज के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी सुनील भाणजा ने बताया कि नगर की सीमा पर जैन समाज की कमेटी के पदाधिकारियों एवं श्रावकों ने आचार्यश्री की अगवानी की। इस दौरान सिद्धचक्र महामंडल विधान के सौधर्म इंद्र नितिन एवं सपना छाबड़ा ने आचार्यश्री को श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद बैंड-बाजों और शाही लवाजमे के साथ मंगल प्रवेश शोभायात्रा रवाना हुई।
शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन अग्रवाल मंदिर पहुंची। जुलूस में सबसे आगे डीजे बैंड, उसके पीछे भगड़ा ढोल और महिला मंडल, युवा मंडल सहित युवक-युवतियां हाथों में जैन धर्म की ध्वज-पताकाएं लेकर चल रहे थे। महिला मंडल की सदस्याएं निर्धारित ड्रेस कोड के साथ साफा धारण कर आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। वहीं युवाओं ने जैन भजनों की धुन पर नृत्य करते हुए उत्साहपूर्वक भाग लिया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने जैन धर्म और गुरुदेव के जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन अग्रवाल मंदिर पहुंचने पर मंदिर कमेटी की ओर से आचार्यश्री का पाद प्रक्षालन कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात बाहर से आए अतिथियों ने चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर धर्मसभा का शुभारंभ किया।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए युवाचार्य सुन्दरसागर महाराज ने कहा कि जब किसी नगर में दिगम्बर संतों का आगमन होता है तो वह धरती पूज्य हो जाती है और जब दिगम्बर साधु वहां से विहार करते हैं तो वह नगर सूना-सूना हो जाता है। इस अवसर पर मंदिर अध्यक्ष सुशील कुमार जैन, विष्णु बोहरा, राजेन्द्र बगड़ी, हेमचंद संघी सहित जैन समाज के अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे