टोंक

अधिक फेरे के मोह में यात्रियों की जोखिम में जान, सिर्फ रफ्तार पर ध्यान

लोक परिवहन के चालक बसों को तेज गति से दौड़ा रहे हैं। ऐसे में यात्रियों की जान जोखिम में है।  
2 min read
• •
Updated: 22 Jan 2018, 8:50 AM IST
लोक परिवहन
टोंक. सीकर के फतेहपुर में हुए लोक परिवहन हादसे के बावजूद जिले से गुजरने वाली लोक परिवहन व अन्य वाहनों की रफ्तार पर अंकुश नहीं लग पाया।

टोंक. सीकर के फतेहपुर में हुए लोक परिवहन हादसे के बावजूद जिले से गुजरने वाली लोक परिवहन व अन्य वाहनों की रफ्तार पर अंकुश नहीं लग पाया। आलम यह है कि अधिक फेरे के मोह में लोक परिवहन के चालक बसों को तेज गति से दौड़ा रहे हैं। ऐसे में यात्रियों की जान जोखिम में है। दूसरी ओर गत दिनों हुए लोक परिवहन के एक के बाद एक दर्दनाक हादसों के बाद यात्रियों ने फिर से रोडवेज से नजदीकी बढ़ा ली है।

ऐसे में यात्रियों का रूझान फिर से रोडवेज की ओर बढ़ रहा है। उल्लेखनीय है कि दूरदराज के गांव-ढाणी ही नहीं अब प्रदेश के राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी निजी बसें दौड़ रही हैं। इसमें जिला मुख्यालय से गुजर रहा जयपुर-कोटा राजमार्ग भी शामिल हैं। जिला परिवहन अधिकारी आर. के. चौधरी ने बताया कि 31 लोक परिवहन सेवा को परमिट दिया गया है।

इनमें अधिकतर जयपुर से कोटा ? की बीच संचालित होती है। एक के बाद एक संचालित हो रही लोक परिवहन से रोडवेज का यात्री भार गिर गया था। हालत यह हो गई थी कि आगे-आगे दौड़ रही लोक परिवहन सेवा, ठण्ड का दौर बढऩे व मलमास के चलते रोडवेज का यात्री भार लक्ष्य के मुकाबले काफी गिर गया था।

ऐसे में सर्दी से ठिठुराई रोडवेज में अब मकर संक्रान्ति के साथ ही मांगलिक कार्यक्रमों की शुरुआत होने से यात्रीभार बढऩे की उम्मीद जगी है। आगार अधिकारियों का मानना है कि मांगलिक कार्यक्रमों की शुरुआत होने से अब फिर से यात्री भार में बढ़ोतरी होगी। जबकि इससे पहले सर्दी का जोर शुरू होते ही रोडवेज के यात्रीभार में अचानक कमी आ गई।

आगार को मिला 80 प्रतिशत का लक्ष्य
टोंक आगार को जनवरी में 80 प्रतिशत यात्रीभार पाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके मुकाबले रोडवेज को 21 जनवरी को 75, 14 को 70, 15 को 75 तथा 16 जनवरी को 76 फीसदी यात्रीभार मिला। इससे पहले दिसम्बर में 75 फीसदी के मुकाबले आगार की बसों में यात्रीभार 60 प्रतिशत ही रह गया था। उल्लेखनीय है कि उच्चाधिकारियों की ओर से प्रत्येक आगार का हर माह यात्रीभार तय कर उसे पाने के लिए निर्देशित किया जाता हैं। लक्ष्य नहीं पाने पर आगार कर्मचारियों, अधिकारियों का वेतन रोकने समेत नोटिस देने की कार्रवाई अमल में लाई जाती हैं।

बसंत पंचमी से विवाह समारोह की धूम
बसंत पंचमी के साथ 22 जनवरी से विवाह समारोह की धूम शुरू हो जाएगी। पण्डित मोहनलाल शर्मा ने बताया कि इसके बाद फरवरी में 6,18, 19 व 20 के अलावा 17 फरवरी को फुलेरा दोज का सावा है। मार्च व अप्रेल में भी दर्जन भर मुहूर्त है।

लोक परिवहन सेवा का स्टैण्ड निर्धारित होने के बावजूद चालक इन्हें बस स्टैण्ड के बाहर तक ला रहे हैं, ये गलत है। कई परिवहन चालक निर्धारित से अधिक फेरे लगा रहे हैं। ऐसी जानकारी है। हालांकि गत दिनों लोकपरिवहन सेवा के हुए दर्दनाक हादसों व मलमास समाप्त होने से रोडवेज में यात्रीभार बढ़ गया है।
रामचरण गोचर, मुख्य आगार प्रबन्धक टोंक।

Published on: