
रेल बजट की सौगात से लोगों में छाई खुशी, खुलेंगे विकास के द्वार, सालों से चली रही है मांग
बजट में टोंक को रेल लाइन की सौगात मिली है। इससे लोगों में खुशी छाई है। लोगों ने जश्न मनाया। साथ ही अतिशबाजी की गई लोगों ने कहा कि अब जल्द ही जिले में विकास के द्वार खुलेंगे।
रेल के लिए बजट की स्वीकृति होने पर शहर के लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। साथ ही मिठाई बांटी और डोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य किया। उल्लेखनीय है कि रेल मंत्री अश्विनी कुमार ने टोंक रेल लाइन के लिए सौ करोड़ एक लाख रुपए की घोषणा की है।
बजट में अजमेर मंडल को तीन सेक्शन में नई रेल लाइन बिछाने के लिए अजमेर सवाईमाधोपुर वाया टोंक के लिए नसीराबाद-सवाई माधोपुर के बीच 165 किमी नई रेल लाइन बिछाने के लिए 100 करोड़ एक लाख रुपए का बजट मिला है। नसीराबाद-सवाईमाधोपुर के बीच नई रेल लाइन डलने से अजमेर सीधे टोंक से जुड़ जाएगा।
यह होगा फायदा
टोंक में रेल की मांग करीब 70 साल पुरानी है। रेल के अभाव में जिला मुख्यालय विकास की गति पर आगे नहीं बढ़ पाया। यहां उद्योग भी इस लिए नहीं पनपे की उन्हें परिवहन की सुविधा नहीं मिली। साथ ही लोगों को रोजगार भी नहीं मिला। अब टोंक को रेल से जोडऩे पर सबसे पहले रेलवे स्टेशन से लेकर शहर तक वाहनों की रेलमपेल से सैकड़ों को रोजगार मिलेगा।
रेलवे स्टेशन पर भी कई प्रकार की दुकानें होने पर सैकड़ों को रोजगार मिलेगा। साथ ही अन्य शहरों से आने वाले माल से परिवहन का आर्थिक भार कम होगा। इससे व्यापारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा। परिवहन सुविधा मिलने पर उद्योग धंधे विकसित होंगे। शहर में औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार होगा।
सवाईमाधोपुर-जयपुर के भरोसे लोग
फिलहाल टोंक जिले के लोग रेल में सफर के लिए सवाईमाधोपुर और जयपुर जाते हैं। एक हिसाब के मुताबिक प्रति माह करीब एक हजार लोगों को आवागमन रेल से होता है। रेल से सीधा जुड़ाव होने पर जिले में यह संख्या प्रतिदिन हो जाएगी। रेल टिकट कांउटर पर ही प्रति दिन दो दर्जन से अधिक टिकट बुक होते हैं।
लोगों ने जश्न मनाया
रेल लाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष अकबर खान ने शहर में रैली निकाली। दर्जनों लोगों के साथ गांधी पार्क से रवाना हुए। डोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते घंटाघर पहुंचे। जहां जश्न मनाकर मिठाई बांटी गई।
अकबर ने कहा कि यह मांग सालों पुरानी थी, जिसे अब पूरा किया है। इससे खुशी है। अकबर ने बताया कि कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव व टोंक विधायक सचिन पायलट ने टोंक की रेल के लिए प्रयास किए थे। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष आसिफ खान, रामसिंह यादव, रामगोपाल चौधरी, हरीनारायण मीणा, अब्दुल सलीम, नासिर आदि थे।
पायलट ने लिखे थे पत्र
सचिन पायलट ने टोंक को रेल से जोडऩे को लेकर कई पत्र लिखे थे। उन्होंने 23 जुलाई 2021 को रेल मंत्री को, 25 मार्च 2022 को प्रधानमंत्री तथा गत एक फरवरी को मुख्यमंत्री को पत्र लिखा था। इसमें अजमेर-सवाईमाधोपुर वाया टोंक रेल लाइन परियोजना का कार्य शुरू कराने को कहा था।
आतिशबाजी से गूंजा शहर
बजट स्वीकृति पर भाजपा की ओर से घंटाघर पर आतिशबाजी की गई। इससे शहर गूंज गया। सांसद सुखबीरसिंह जौनापुरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र पराणा, जिला महामंत्री विष्णु शर्मा, प्रभु बाड़ोलिया, पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, पूर्व जिला महामंत्री नरेश बंसल, मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा आदि उपस्थित थे।
सांसद ने बांटी मिठाई
सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने टोंक रेल लाइन के लिए 100 करोड़ रुपए मंजूर होने पर मिठाई बांटकर कार्यकर्ताओं के साथ खुशी मनाई। सांसद ने कहा कि रेल के लिए लगातार प्रयासरत थे। ऐसे में अब रेल की परियोजना जल्द ही पूरी होगी।
पत्रिका ने उठाया था मुद्दा
टोंक को रेल से जोडऩे की मांग को लेकर राजस्थान पत्रिका ने शृंखलाबद्ध खबरों का प्रकाशन किया था। वहीं सरकार को भी समय-समय पर टोंक में रेल के लिए चेताया था। इसी का नतीजा है कि टोंक में रेल के लिए बजट स्वीकृत हुआ है।