पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मागं को लेकर कलक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन

टोंक. शहर में गत दिनों राहगीरों के साथ मारपीट करने के मामले में गिरफ्तार किए गए सात जनों के मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर जिला प्रमुख सत्यनारायण चौधरी के नेतृत्व में युवाओं ने गुरुवार को रैली निकालकर प्रदर्शन किया।
less than 1 minute read
• •
Updated: 10 Mar 2017, 11:09 AM IST
Feature image
टोंक में गुरुवार को प्रदर्शन करते युवा।

टोंक. शहर में गत दिनों राहगीरों के साथ मारपीट करने के मामले में गिरफ्तार किए गए सात जनों के मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर जिला प्रमुख सत्यनारायण चौधरी के नेतृत्व में युवाओं ने गुरुवार को रैली निकालकर प्रदर्शन किया।

उन्होंने जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दूसरे पक्ष के खिलाफ भी मामला दर्ज करने तथा गिरफ्तार युवाओं से मारपीट करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इससे पहले उनकी बैठक डाक बंगले में हुई। यहां से वे पुलिस के खिलाफ नारे लगाते हुए रैली के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे।

जहां करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला प्रमुख, भाजपा जिला महामंत्री राजेन्द्र पराणा, नरेश बंसल, भाजयुमो जिला मंत्री एडवोकेट शैलेन्द्र चौधरी आदि ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया कि तीन दिन पहले सात युवाओं के खिलाफ कोतवाली तथा पुरानी टोंक थाने में मामला दर्ज कराया गया।

इसमें उनके खिलाफ ऐसी धाराओं में मामला दर्जकर लिया जो गलत है। उन्होंने इन धाराओं को हटाने, थाने में युवकों के साथ मारपीट करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई, निष्पक्ष जांच व गिरफ्तार युवकों की ओर से भी मामला दर्ज करने की मांग की।

इस पर जिला कलक्टर सूबेसिंह यादव ने कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष की जाएगी। इसके लिए उन्होंने पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन से दूरभाष पर बात की। इसके बाद युवा शांत हुए और कलक्ट्रेट से रवाना हो गए। बाद में उन्होंने पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन करने वालों में भाजयुमो जिलाध्यक्ष चन्द्रवीरसिंह चौहान, स्नातकोत्तर महाविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष नरेन्द्र चौपड़ा, पवनकुमार, शंकरलाल चौधरी, विवेक आदि शामिल थे।

Published on: