
टोंक. नगर परिषद चुनाव में 60 वार्ड में से 58 के लिए मतदान शनिवार सुबह 7 बजे से शुरू होगा। निर्वाचन विभाग ने मतदान सम्बन्धित सभी तैयारियां शुक्रवार को पूरी कर ली। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद मतदान दल मतदान सामग्री लेकर अपने-अपने बूथों पर पहुंच गए। बूथों पर उनकी सुविधाओं को नगर परिषद की ओर से पूरा किया गया।
दोपहर में गद्दे समेत अन्य सामान पहुंचाया गया। इसके साथ ही पुलिस जाप्ता भी शुक्रवार शाम से ही तैनात कर दिया। नगर परिषद चुनाव के लिए 3 एरिया मजिस्ट्रेट, 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। मतदान के लिए 117 मतदान केन्द्रों में से 77 मतदान केन्द्र क्रिटीकल एवं 48 मतदान केन्द्र लोकेशन पर हैं। चुनाव में लगे अधिकारियों एवं पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
चुनाव में 22 सेक्टर मोबाइल पार्टियां बनाई गई है। नगर परिषद क्षेत्र के जिन इलाकों में चौपहिया वाहन नहीं जा सकते हैं, वहां के लिए 10 बाइक मोबाइल पार्टी बनाई गई है। नगर परिषद चुनाव में 60 वार्ड में 282 प्रत्याशी मैदान में हैं। हालांकि इनमें कुल उम्मीदवार 254 ही है। वहीं दो वार्डों में कांग्रेस के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
ऐसे में मुकाबला 58 वार्डों में ही होगा। नगर परिषद चुनाव में जहां कांग्रेस ने सभी 60 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। वहीं भाजपा के महज 50 प्रत्याशी ही मैदान में है। चुनाव में इस बार कुल एक लाख 13 हजार 466 मतदाता मतदान करेंगे। इसमें पुरुष 57659 तथा महिला मतदाता 55807 है। नगर परिषद चुनाव में मतदान 16 नवम्बर सुबह 7 से शाम 5 बजे तक होगा।