
Municipal Election: निकाय चुनाव के रूप में एक बार फिर सत्ता vs विपक्ष का ' लिटमस टेस्ट '
चूरू। जिले के राजगढ़ और चूरू शहर में होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों ( Local Body Election ) की तैयारियां पूरी हो गई हैं। इसे निकाय चुनाव के रूप में एक बार फिर सत्ता vs विपक्ष का ' लिटमस टेस्ट ' माना जा रहा है। सत्ता पक्ष जहां आश्वस्त है कि लोगों में विधानसभा चुनाव ( Rajasthan Vidhan sabha Election ) की खुमारी अभी नहीं उतरी है, लिहाजा लोग कांग्रेस के प्रति ही अपनी वफादारी दिखाएंगे, तो दूसरी ओर विपक्ष में बैठी भाजपा निकाय चुनाव ( Local body ) के बहाने ही फिर से सत्ता में वापसी का चक्र घुमाना चाहती है। फिलहाल, प्रशासन की ओर से चुनाव की तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं।
पुलिस-प्रशासन ने किया मतदान स्थलों का निरीक्षण
16 नवंबर को चुनाव के मद्देनजर एक दिन पहले पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मतदान स्थलों पर जाकर तैयारियों का अंतिम रूप से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कुछ जगहों पर आवश्यक निर्देश भी दिए। सादुलपुर में जिला कलक्टर संदेश नायक ने जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी के साथ गुरुवार को ही मतदान स्थलों का निरीक्षण करने के साथ पुलिस और प्रशासन के अफसरों को कुछ जरूरी ताकीद की थी। शुक्रवार को भी यह क्रम जारी रहा।
संवेदन और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान
चुुनाव के मद्देनजर संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान स्थलों ( Poling Booth In Rajasthan ) की पहचान कर ली गई है। पुलिस और प्रशासन के अफसरों ने मिल बैठ कर इन मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर विचार-विमर्श किया। उन्होंने मौजूद चुनाव अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेते हुए निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में अव्यवस्था की स्थिति न पैदा हो और किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे।
अराजक तत्वों पर नजर
मतदान में किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए अराजक तत्वों की धरपकड़ के साथ ही निगरानी व्यवस्था को और दुरुस्त करने पर जोर दिया गया। थाना-चौकी की पुलिस को सजग रहने को कहा गया है। शुक्रवार को पूरे दिन चिन्हित अराजकतत्वों को या तो पाबंद किया गया अथवा उन्हें ताकीद की गई कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी करने से बाज आएं।
Published on:
15 Nov 2019 06:01 pm
