रिमझिम बारिश ने खेतों में बोई रबि की फसलों को जीवनदान दे दिया वहीं सर्द हवाओं व रिमझिम फूहारों ने सर्दी बढ़ा दी। सरसों की फसल एक महीने की होने से किसान को सिंचाई की जरूरत थी, लेकिन गुरुवार बदले मौसम के चलते उन्हें सिंचाई नहीं करनी पड़ेगी।
टोंक. जिलेभर में गुरुवार को बूंदा-बांदी का दौर जारी रहा। मौसम में गलन बढऩे से लोग शाम को जल्द ही घरों में चले गए। वहीं कई स्थानों पर बरसात और कई स्थानों पर बूंदा-बांदी हुई। इससे फसलों के लिए यह वरदान साबित होगी। सरसों की फसल एक महीने की होने से किसान को सिंचाई की जरूरत थी, लेकिन गुरुवार बदले मौसम के चलते उन्हें सिंचाई नहीं करनी पड़ेगी।
वहीं चना और गेहूं की बुवाई में नमी की जरूरत भी अब कम हो गई है। कृषि विस्तार विभाग के सहायक निदेशक दिनेशकुमार बैरवा ने बताया कि बरसात से किसानों को फायदा होगा। उन्हें सिंचाई में राहत मिलेगी। जिले में मौसम बदलने का कारण बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में कम दबाव होना है। इसके चलते बने पश्चिम विक्षोभ के चलते बरसात हुई है। इसका मौसम विभाग ने भी अलर्ट जारी किया है। जिले में शुक्रवार को भी मौसम में गलन और बादल छाए रहेंगे।
बारिश से किसानों में खुशी, सर्दी बढ़ी
उनियारा. कस्बे सहित उपखंड क्षेत्र में गुरुवार को दोपहर में हुई बारिश से जहां किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।वहीं वातावरण में सर्दी भी बढ़ गई।गुरुवार को सुबह मौसम ने अचानक करवट बदली।सुबह कुछ देर हल्की धूप निकलने के बाद 11 बजे बूंदाबांदी से शुरुआत हुई, बाद में दिनभर हल्की बारिश का दौर चलता रहा।किसानों ने कि बारिश से जहां सरसों की फसल में पानी की जरूरत पूरी होगी वही गेंहू की बुवाई के लिए भी काफी लाभ होगा।
घंटों रिमझिम से फसलों को मिला अमृत
दूनी. आस-पास क्षेत्र में गुरुवार दोपहर हुई रिमझिम बारिश ने खेतों में बोई रबि की फसलों को जीवनदान दे दिया वहीं सर्द हवाओं व रिमझिम फूहारों ने सर्दी बढ़ा दी। उल्लेखनीय है कि दोपहर बाद शुरू होकर घंटों तक जारी रही रिमझिम बारिश ने फसलों को अमृत पिलाकर जीवनदान दे दिया।दोपहर से देर शाम तक जारी रही रिमझिम बारिश एवं हवाओं ने लोगों को सर्दी का अहसास कराया तो गर्म कपड़े भी निकल आए।
किसानों को मावठ की जगी आस
निवाई. शहर में चार दिनों से लगातार बादल छाए रहने से अचानक सर्दी में बढोत्तरी हो गई और तापमान में गिरावट आई है। चार दिन से आकाश में छाए बादलों से किसानों को मावठ होने की आस लगाए बैठे है। गुरुवार सुबह 9 बजे हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे किसानों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी।
देवली. गुरुवार को क्षेत्र में हल्की बारिश का दौर चल रहा है। इससे बोई फसलों को फायदा होगा। सिंचाई के अभाव में पड़ेे खेतों में भी कम पानी की फसलों की बुआई हो सकेगी। बारिश से सरसों एवं अन्य बुआई की गई फसलें अच्छी बनेगी। बारिश से सर्दी ने भी असर दिखा दिया है।
राजमहल. क्षेत्र में दिनभर बादल छाए रहे। दोपहर बाद सर्द हवाओं के साथ करीब दो घण्टे तक रिमझिम बारिश का दौर चला, जिससे पानी बह निकला।