टोंक

Video : अमृत सहेजने के लिए जलस्रोतों की तरफ बढ़े कदम

पत्रिका की पहल से लोगों में जागरूकता आएगी। इससे यह अभियान सफलता की ओर अग्रसर होगा।

3 min read
May 14, 2018
अमृतं जलम्
गैरोली सागर में अमृतं जलम् कार्यक्रम में श्रमदान करती महिलाएं।

बंथली. पत्रिका की पहल से लोगों में जागरूकता आएगी। इससे यह अभियान सफलता की ओर अग्रसर होगा। यह बात जिला प्रमुख सत्यनारायण चौधरी ने गैरोली के पालेश्वर महादेव स्थित सरोवर पर रविवार को आयोजित राजस्थान पत्रिका के अमृतं जलम् अभियान के तहत आयोजित श्रमदान कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता हम सभी को पत्रिका के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने से मिलेगी।


सरपंच प्रियदर्शिनी सौलंकी ने कहा कि आज अभियान में मौजूद सैकड़ों लोग एक बदलाव के प्रयास को लेकर आए हैं। अब वे पत्रिका के अभियान से लोगों को घर-घर जाकर जागरूक करेंगे। भाजपा जिला महामंत्री नरेश बंसल ने कहा कि हमें सोच बदल आगे आकर अभियान का हिस्सा बन जल बचाने के अभियान में शामिल होना होगा। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी महेन्द्र सिरोठा ने कहा कि जीवन के जल जरूरी है। जिला परिषद सदस्य रामचंद्र गुर्जर ने अभियान को महा अभियान बनाकर जल संकट से निकलने की पहल बताई। मीनाक्षी गौतम ने दैनिक जीवन में जल का महत्व बताया। कुलदीप सिंह राजावत ने कहा कि देश-प्रदेश में चलाए गए अभियान से लोग जागरूक होकर जल बचाने को एकजुट होंगे।

समारोह को पंचायत समिति सदस्य रामलाल जाट, पूर्व पंचायत समिति सदस्य अशोक शर्मा, उपसरपंच रामावतार जाट, भाजपा इकाई अध्यक्ष श्रवण कुमावत, प्रधानाचार्य बाबू खान, सेवानिवृत्त अध्यापक महावीर प्रसाद जांगिड़ सहित अन्य ने भी सम्बोधित किया। उल्लेखनीय है कि अभियान की शुरुआत सरपंच सोलंकी सहित अतिथियों ने सरोवर का पूजन करके की। इसके बाद मैत्री महिला मंडल दूनी की ओर से महिलाओं, विद्यार्थियों, समाज सेवियों, अधिकारी-कर्मचारियों व ग्रामीणों ने जागरूकता रैली निकाली, जो मुख्य बाजार व गांव से होकर समारोह स्थल स्थित विद्यालय पहुची। जहां पंचायत की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत-सम्मान किया गया।

इसके बाद मैत्री महिला मंडल के बिलाल अहमद के निर्देशन में महिलाओं की ओर प्रस्तुत लघु नाटिका में जल का जीवन में महत्व बताया गया। बाद में अतिथि सहित सैकड़ों ग्रामीण गेती, फावड़ा व तगारिया लेकर श्रमदान करने को उमड़ पड़े। लोग भीषण गर्मी में भी उत्साहपूर्वक मिट्टी खोदने, सफाई कर अभियान को सफल बनाने में जुट गए। इस मौके पर शिवराजसिंह सोलंकी, वीरेन्द्रसिंह, तहसीलदार तेजपाल गोठवाल, पंचायत प्रसार अधिकारी चिरंजीलाल बैरवा, घाड़ थानाप्रभारी रामेश्वर मीना, सचिव राधारानी बावलोत, लिपिक पूरणमल, आत्माराम धाकड़, धनराज मीना, रामकिशन मीना, मथुरालाल विजय, भगवान धाकड़, वीरेन्द्रसिंह चौहान, रामदेव, रामबाबू शर्मा व दुर्गालाल मीना आदि शामिल थे।

मस्टररोल जारी करने आदेश

जिला प्रमुख ने पत्रिका की पहल पर आभार जताकर कहा कि गैरोली सरोवर के लिए मॉडल तालाब योजना के तहत 60 लाख रुपए की लागत से घाट, फेसवाल का निर्माण कर पौधारोपण कर सरोवर की गहराई बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि सात दिन में पालेश्वर महादेव सरोवर पर निर्माण कार्य शुरू होगा। उन्होंने ने पत्रिका की ओर से कराए श्रमदान पर मनेरगा के तहत सरोवर खुदाई के लिए एक मस्टररोल जारी करने के पंचायत प्रसार अधिकारी चिरंजीलाल बैरवा को निर्देश दिए। उन्होंने मुगलाना के रातया तालाब पर स्वीकृत लाखों रुपए की राशि से जल्द ही निर्माण कार्य कराए जाने का भरोसा दिलाया।उन्होंने यह भी कहा कि पालेश्वर महादेव के सरोवर का कार्य पूर्ण होने पर भोजावाला तालाब का जीर्णोद्धार कराने के लिए राशि स्वीकृत की जाएगी।

लघुनाटिका मंचन से किया जागरूक

समारोह में मैत्री महिला मंडल के बिलाल अहमद के निर्देशन में महिला सोना देवी, निरमा देवी, विष्णु देवी, शहनाज व मांगी देवी की ओर से जल बचाने व जल ही जीवन को लेकर प्रस्तुत लघु नाटिका ने लोगों की तालियां बटोरी तो लोगों ने अपनी सोच नाटिका के माध्यम से बदलने की भी मन में ठानी। इसमें महिलाओं ने तालाब में कचरा डालने, घर व खेत में व्यर्थ पानी बहाने व तालाब में पशुओं को नहलाकर पानी गंदा करने की गलत आदतों को सुधारने को जागरूक किया।

Updated on:
14 May 2018 12:33 pm
Published on:
14 May 2018 12:46 pm