टोंक

एक किलोमीटर तक मौत बनकर दौड़ा बेकाबू डम्पर , आधा दर्जन बाइकें हुई क्षतिग्रस्त

घटना से मुख्य बाजार में लोगों में अफरा- तफरी मच गई। हालांकि चालक की सूझबूझ व होशियारी से बड़ा हादसा होते-होते रह गया।  
2 min read
• •
Updated: 18 Apr 2018, 1:14 PM IST
 बेकाबू हुआ डम्पर
टोडारायसिंह के बीसलपुर मार्ग पर बेकाबू हुआ डम्पर।

टोडारायसिंह. बीसलपुर मार्ग पर ब्रेक फेल होने पर अनियंत्रित डम्पर (ट्रक) सोमवार देर शाम कस्बे के आबादी क्षेत्र में करीब एक किलोमीटर तक मौत बनकर दौड़ता रहा। इससे मुख्य बाजार में लोगों में अफरा- तफरी मच गई। हालांकि चालक की सूझबूझ व होशियारी से बड़ा हादसा होते-होते रह गया। पुलिस के अनुसार बीसलपुर मार्ग की ओर से आ रहे एक डम्पर ब्रेक डाउन होने से अनियंत्रित हो गया।

पहाड़ी ढलान होने से डम्पर बेकाबू हो गया। इस दौरान चालक ने उसे सडक़ पास स्थित बिजली के खम्भे (टावर) के टक्कर मारकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन असफल प्रयास के बीच अनियंत्रित डम्पर ने गति पकड़ ली। इस दौरान डम्पर का डीजल टैंक क्षतिग्रस्त होने से पूरे रास्ते डीजल फैलता रहा।

डम्पर कस्बे के व्यस्त मार्ग पुराना बस स्टैण्ड, पीपली चौराहा, शाहपुरा बालाजी, एसबीआई बैंक तिराहा, चुंगी नाका होते हुए कृषि मण्डी पहुंच गया। जहां चालक ने डम्पर को रोकने के लिए मण्डी के पास बनी पुलिया के टक्कर मारकर रोका। हालांकि करीब एक किलोमीटर लम्बे सफर में अनियंत्रित डम्पर की टक्कर से करीब आधा दर्जन बाइकें आदि क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा चालक को हिरासत में लिया है।




टे्रलर ने रोडवेज बस को मारी टक्कर
देवली. हनुमाननगर थाना क्षेत्र के अमरवासी गांव के समीप सोमवार रात टे्रलर ने रोडवेज बस के पीछे से टक्कर मार दी। इसमें बस सवार 8 यात्री घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने राजकीय अस्पताल देवली भर्ती कराया। एएसआई भागीरथ सिंह ने बताया कि सवाईमाधोपर डिपो की बस देवली बस स्टैण्ड से रवाना होकर जहाजपुर की ओर जा रही थी। उक्त बस उदयपुर जा रही थी।

इस बीच अमरवासी स्थित निजी महाविद्यालय के सामने टे्रलर ने आगे चल रही उक्त बस के टक्कर मार दी। इसमें बस का पीछे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों में उदयपुर निवासी कमरुद्दीन, जलगांव(महाराष्ट्र)निवासी अयूब शेख हनीफ, जहाजपुर निवासी तजीम, सुकेत अहमद, रफीक अहमद, रईस अहमद, बिसुन्दनी (अजमेर) निवासी मदनलाल लुहार, राजकोट(देवली)निवासी गजेन्द्र मीणा शामिल है।

इनमें मदनलाल व तजीम की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें कोटा रैफर कर दिया। चिकित्सकों ने बताया कि इनमें मदनलाल का एक हाथ कटकर अलग हो गया। जिसका फिलहाल कोटा उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद चालक टे्रलर सहित फरार हो गया।

इधर, हनुमाननगर पुलिस को अजमेर-कोटा बायपास स्थित एक होटल पर टे्रलर दिखाई दिया, जिसकी पुलिस ने पड़ताल की तो, चालक टे्रलर में भीतर बैठा दिखा। जिसके हाथ पर चोट थी तथा टे्रलर का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त मिला। पुलिस ने चालक गजानंद मीणा निवासी राजकोट को हिरासत में ले लिया। टे्रलर चालक वाहन में प्लास्टिक दाना भरकर गुजरात से उत्तराखण्ड जा रहा था। मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।

Published on: