
टोंक.
जगमगाती रंग-बिरंगी रोशनी, गुजरात के गरबे की धुन पर डांडिया खनकाने के लिए महिलाओं में जबर्दस्त उत्साह है। हालात ये है कि दो दिन में ही 650 महिलाओं ने डांडिया के लिए रजिस्ट्रेशन करा लिया। महिलाओं की भारी संख्या को देखते हुए आयोजकों ने भी तैयारी को विस्तृत करना शुरू कर दिया है। आपने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है तो जल्द करा लें।
दरअसल में जिले की महिलाओं के लिए राजस्थान पत्रिका लेकर आया है डांडिया महोत्सव। राजस्थान पत्रिका, इनरव्हील क्लब टोंक व माहेश्वरी सखी सहेली ग्रुप की ओर से ये महोत्सव 23 सितम्बर को मधुबन पैराडाइज में होगा। समारोह में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन होंगी। अध्यक्षता नगरपरिषद सभापति लक्ष्मी जैन करेंगी।
इनरव्हील क्लब अध्यक्ष रेखा जाजू ने बताया कि डांडिया महोत्सव शाम 7 बजे शुरू होगा। ये रात 10 बजे तक चलेगा। इसमें सिर्फ महिलाओं को ही प्रवेश दिया जाएगा। डांडिया उन्हें अपने साथ लाने होंगे। इसके लिए उन्हें मोबाइल नम्बर 94612-93722 व 94142-01257 पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। माहेश्वरी सखी सहेली ग्रुप की जूली मूंदड़ा ने बताया कि महोत्सव के दौरान ड्रॉ भी निकाला जाएगा।
इसमें प्रथम तीन विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान आकस्मिक सवाल भी पूछे जाएंगे। सही जवाब देने वालों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा खाने-पीने की स्टॉल लगाई जाएंगी। जहां महिलाएं इनका लुत्फ ले सकेंगी।
सवा लाख हनुमान चालीसा के जाप शुरु
मालपुरा. श्री घाटी बालाजी सेवा समिति की ओर से गुरुवार को 11 वीं पदयात्रा आदर्श नगर स्थित हनुमान मंदिर से सुबह बैण्ड-बाजे के साथ रवाना हुई। पदयात्रा कस्बे के मुख्य बाजार, पुरानी तहसील, नसियां बालाजी से होती हुई घाटी बालाजी पहुंची। जहां पदयात्रियों द्वारा 1008 दीपकों से महाआरती की गई।
शारदीय नवरात्र के दौरान मंदिर में हनुमानजी के चोला चढाकर फूलबंगला झांकी सजाई गई तथा हनुमान चालीसा के 101 पण्डितों के द्वारा घाटी बालाजी मन्दिर में सवा लाख हनुमान चालीसा के जाप शुरु हुए। रात्रि में भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान रामअवतार कडीला, पूर्व डीआर छोगालाल गुर्जर, रामबाबु जांगिड़, राजेन्द्र जैन, राजेश दाधीच, सत्यनारायण माहेश्वरी आदि मौजूद रहे।