टोंक जिले में पंचायतराज चुनाव के चौथे चरण के लिए 14 नवंबर को मतदान होगा। निवाई, टोंक, टोडारायसिंह और मालपुरा के आंशिक क्षेत्र में जिला परिषद के 13 और पंचायत समिति के 74 वार्डों के लिए वोट डाले जाएंगे। इस चरण में करीब 3.37 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चारों पंचायत समितियों के वार्डों में 224 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें निवाई में सबसे ज्यादा 92, टोंक में 53, टोडारायसिंह में 50 और मालपुरा में 30 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा। इसके बाद 16 नवंबर को ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के लिए वोट डाले जाएंगे। मालपुरा की बची हुई 13 ग्राम पंचायतों में भी इसी दिन मतदान होगा। गुरुवार शाम 5 बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी सार्वजनिक रूप से प्रचार नहीं कर सकेंगे। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।