टोंक

video: बहीर से गहलोद घाट बनास तक सडक़ के दोनों ओर लगाई जाएगी फुलवारी, सडक़ किनारे अतिक्रमण को हटाने का काम हुआ शुरु

बहीर रोड क्षेत्र में हो रहे कच्चे-पक्के अतिक्रमण को सोमवार को एसडीओ ने खड़े रहकर हटवाया।
2 min read
• •
Updated: 27 Dec 2017, 9:27 AM IST
 अतिक्रमण
टोंक के बहीर क्षेत्र में घरों के बाहर से अतिक्रमण हटवाते एसडीओ व अन्य।

टोंक. सब कुछ ठीक रहा तो शहर से गहलोद घाट तक की सडक़ का सौन्दर्य निखर जाएगा। सडक़ के दोनों ओर फुलवारी लगाई जाएगी। एसडीओ प्रभातीलाल जाट की मानें तो ये सडक़ जयपुर के एमआई रोड से भी बेहतर हो जाएगी।

इसके चलते बहीर रोड क्षेत्र में हो रहे कच्चे-पक्के अतिक्रमण को सोमवार को एसडीओ ने खड़े रहकर हटवाया। इस दौरान मार्ग चौड़ा-चौड़ा नजर आया। मौके पर दिनभर तमाशबीनों की भीड़ लगी रही। एसडीओ प्रभातीलाल जाट ने बताया कि जिला मुख्यालय से टोडारायसिंह व मालपुरा मार्ग के लोगों की आवाजाही बहीर रोड से होती है।

इस मार्ग में बहीर के बेगम बाग क्षेत्र में लोगों ने मकानों के आगे चबूतरे व सीढिय़ां बनाकर मार्ग संकरा कर दिया था। कई ने निर्माण में काम आने वाली सामग्री डालकर अतिक्रमण किया हुआ था। इससे लोगों की आवाजाही बाधित थी। आए दिन जाम से हालात बन रहे थे।

इन दिनों इस मार्ग पर सीसी सडक़ बनवाई जा रही है। लोगों की शिकायत पर सोमवार को घरों के बाहर हो रहे अतिक्रमण को हटवाकर मार्गों की सफाई कराई गई। इस दौरान जेसीबी से सडक़ के दोनों ओर हो रहे अतिक्रमण को हटवाया गया। एसडीओ के साथ मौजूद जनप्रतिनिधियों व सफाई आयोग सदस्य दीपक संगत ने भी लोगों को समझाकर अतिक्रमण हटवाने में मदद की।

मार्ग चौड़ा होने से राहगीरों की राह आसान होगी। इसके साथ ही सडक़ चौड़ी व गुणवत्तापूर्ण बनने से गहलोद रपट को पर्यटन की दृष्टि से बढ़ावा मिलेगा।
प्रभातीलाल जाट, उपखण्ड अधिकारी टोंक।

तीन घंटे जाम लगाया

निवाई. निकटवर्ती गांव खणदेवत के रास्ते में हो रहे कीचड़ से परेशान ग्रामीणों ने निवाई-डांगरथल मार्ग पर करीब तीन घंटे जाम लगाया। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार गजेन्द्र गोयल में लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
खणदेवत निवासी नरेश बैरवा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने ये जाम लगाया।

तहसीलदार के साथ विकास अधिकारी मुरारीलाल शर्मा, सरपंच हनुमान खटीक ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों को 3 दिन में सडक़ बनवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। नरेश बैरवा ने बताया कि दो दिन पहले खणदेवत गांव में एक महिला की शवयात्रा कीचड़ से होकर निकली।

ये कीचड़ घुटनों तक भरा हुआ है। उन्होंने बताया कि तीन दिन में सडक़ का कार्य शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीण प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में हेमराज बैरवा, रामविलास गुर्जर, हरजीराम गुर्जर, भागीरथ, छोटू, आकाश, बद्री, श्योनारायण बैरवा, रामनारायण, शिवजी लाल बैरवा, जगदीश, गोपाल एवं मुकेश बैरवा आदि शामिल थे।

Published on: