
देवली. एसडीओ रवि वर्मा ने राजकीय अस्पताल देवली का औचक निरीक्षण किया। रोगियों को मिलने वाली सुविधाओं व व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अचानक हुए निरीक्षण से अस्पताल परिसर में खलबली मच गई। उन्होंने राजकीय अस्पताल के चिकित्सक व कर्मचारी उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया।
नदारद कर्मचारियों की जानकारी ली। चिकित्सक सुधीर माथुर के साथ नि:शुल्क दवा केन्द्र के कर्मचारी से दवाइयों की जानकारी ली। कर्मचारियों ने बताया कि 250 में से करीब 225 दवाइयां स्टोर में उपलब्ध है। बंदर, श्वान आदि के काटने पर दी जाने वाले दवाइयों की जानकारी भी ली।
नगर पालिका द्वारा अस्पताल में बनाए जाने वाले सुलभ शौचालय के प्रस्ताव व स्थान के बारे में पूछा। चिकित्सकों ने बताया कि विश्रामगृह से सटे भूखण्ड में शौचालय बनाया जाना अधिक उपयुक्त है। इसके लिए नगर पालिका के अभियंताओं को मौका दिखा दिया है।
अस्पताल में वार्ड ब्वॉय की कमी, खराब पड़ी सीआर्म मशीन, सुरक्षाकर्मी लगाने सहित मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान डॉ. जगदीश कुमावत भी उपस्थित थे।
निरीक्षण कर दिए निर्देश
उनियारा. नगरपालिका की अधिशासी अधिकारी सीमा चौधरी ने गुरुवार को कस्बे के मुख्य बाजार का निरीक्षण कर सफाई कार्य व अन्य निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य बाजार, गलवा धाम, सवाईमाधोपुर रोड आदि स्थानों का जायजा लिया। इस दौरान गंदगी देखकर सफाई कर्मियों को फटकार लगाई।
कार्यशाला आयोजित
पचेवर. बाबा नाड़ी वाले धाम पर गुरुवार को ग्राम पंचायत विकास योजना के लिए आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रगति प्रसार अधिकारी सत्यनारायण स्वर्णकार की अध्यक्षता में पचेवर, आवड़ा, नगर, पारली, बरोल व कुराड़ ग्राम पंचायतों के सरपंच व सचिवों सहित कई विभागों के साथ ही पूर्व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यशाला में लोगों ने विचार रखे।
पीईईओ पारली रामधन जाट, पंचायत समिति प्रगति प्रसार अधिकारी सत्यनारायण स्वर्णकार, ग्राम पंचायत पचेवर सरपंच घनश्याम गुर्जर, पारली सरपंच दिग्विजयसिंह, आवड़ा सरपंच आशा मेघवंशी, कुराड़ सरपंच हनुमान गुर्जर, बरोल सरपंच सुमित्रादेवी जाट, सहित ग्राम पंचायतों के सचिव, आगंनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, पटवारी, कृषि पर्यवेक्षक, सहित कई पूर्व जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।