
आवां. क्षेत्र की चंदवाड़ पंचायत के ठिकरिया कलां गांव में विद्यालय को उच्च माध्यमिक मे क्रमोन्नत नहीं किए जाने से नाराज ग्रामीणों का विरोध तीसरे दिन भी जारी रहा। शनिवार को विद्यार्थियों के नहीं आने से सन्नाटा पसरा रहा। गौरतलब है कि विद्यालय को उच्च माध्यमिक मे क्रमोन्नत नहीं किए लाने से गुस्साए विद्यार्थियों ने गुरुवार को सुबह प्रवेश द्वार पर ताला जड़ दिया था।
ग्रामीण भी इनके समर्थन में उतर गए तथा सरकार और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया था। तभी से अभिभावक बालकों को विद्यालय नहीं भेज विद्यालय का बहिष्कार कर रहे है। आगामी तीन दिन तक भी विद्यालय क्रमोन्नति के आदेश जारी नहीं किए जाने पर विद्यालय से विद्यार्थियों की टीसी कटवाने के साथ ग्रामीणों ने मतदान का भी बहिष्कार करने का भी निर्णय किया है।
महावीर सैन, प्रहलाद कुम्हार, रामलक्ष्मण शर्मा, पांचू लाल बैरवा, रामसहाय जाट, शिशुपाल गुर्जर, महावीर गुर्जर, प्रधान नागर सहित दर्जनों अभिभावकों ने बताया कि ठिकरिया कला के उच्च प्राथमिक विद्यालय को उच्च माध्यमिक मेें क्रमोन्नत नहीं कर क्षेत्र की उपेक्षा की है। क्षेत्र के सर्वाधिक पुराने विद्यालयों मे शुमार रखने, अच्छे नामांकन व परिसर मे पर्याप्त जगह होने, बालिकाओं का अनुपात अधिक होने, निकट में कई गांव व ढाणियां जुड़े होने के बावजूद इसे क्रमोन्नत नहीं किया जाना निराशाजनक और उपेक्षापूर्ण है। ग्रामीणों की ओर से मुख्यमंत्री वसुंधराजे को भी इसके लिए पत्र लिखा गया है।
‘आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी’
निवाई. डॉ. केएन मोदी विश्वविद्यालय में मैनेजमेन्ट संकाय की ओर से व्याख्यान का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित व्याख्यान में एयर मार्शल पी. के.. रॉय ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि जिंदगी में हमेशा पॉजीटिव सोच के साथ आगे बढें़। इसी क्रम में विश्वविद्यालय की प्रेसिडेन्ट डॉ. एस. के . पाण्डे ने विद्यार्थियों को सम्बोधित किया। इस दौरान प्रो. रविप्रकाश डीन मैनेजमेन्ट ने धन्यवाद ज्ञापित करके कार्यक्रम का समापन किया। इस दौरान डीन एकेडमिक प्रो. डॉ. मानविजय सिंह, विभुति पारीक , आयुषि जैन, पीयूष शुक्ला एवं सीमा शर्मा सहित विद्यार्थी उपस्थित थे।