टोंक

न्यायालय के आदेश पर चरागाह व गैर मुमकिन रास्तों से प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण, तीन जेसीबी की सहायता से 25 स्थानों पर की कार्रवाई

अतिक्रमियों द्वारा नोटिस देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर ऐसे 97 अतिक्रमियों के खिलाफ मालपुरा थाने में मामला दर्ज करवाया गया।  
2 min read
Jul 31, 2018
Encroachment action
मालपुरा उपखण्ड के तिलांजू गांव में चरागाह व गैर मुमकिन रास्तों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करता प्रशासन

मालपुरा. उपखण्ड के तिलांजू ग्राम में सोमवार को राजस्थान उच्च न्यायालय के आदेशों की पालना में प्रशासन ने पुलिस के सहयोग से चरागाह व गैर मुमकिन रास्तों पर तीन जेसीबी की सहायता से 25 स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

तिलांजू ग्राम पंचायत सरपंच प्रियंका नरूका द्वारा स्थानीय प्रशासन को लिखित में चरागाह व गैर मुमकिन रास्तों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की मांग करने के बावजूद प्रशासन द्वारा मामले में ढिलाई बरतने पर सरपंच ने उच्च न्यायालय जयपुर में अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर वाद दायर किया।

जिस पर न्यायालय द्वारा दिए गए आदेशों की पालना में नायब तहसीलदार मालपुरा बृजलाल मीणा की ओर से तिलांजू के 131 लोगों को तथा देवलियापट्टी गुजरान के 21 लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए।

अतिक्रमियों द्वारा नोटिस देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर ऐसे 97 अतिक्रमियों के खिलाफ मालपुरा थाने में मामला दर्ज करवाया गया। मामले की गंभीरता पर थाना प्रभारी नवनीत व्यास व नायब तहसीलदार मय दल-बल के मौके पर पहुंचे तथा पटवारी व गिरदावर के सहयोग से अतिक्रमणों को चिन्हित किया जाकर सभी अतिक्रमणों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाने की कार्रवाई शुरु की। एक साथ अतिक्रमण हटने की कार्रवाई को देखने के लिए ग्रामीणों की भी भीड़ लगी रही वही ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटने पर खुशी जाहिर की।

बिस्तर की बात पर भिड़े छात्र, एक हुआ घायल

उनियारा. किराए के कमरे में साथ रह रहे दो छात्र बिस्तर पर एक-दूसरे का हक जमाते हुए भिड़ गए।इससे एक छात्र घायल हो गया। बाद में पुलिस ने परिजनों को बुलाकर दोनों छात्रों को उनके हवाले कर दिया।

पीडि़त छात्र लोकेश मीणा निवासी अलीपुरा-भगवानपुरा है, जो राजकीय सरदार उमावि में कक्षा 10वंीं में पढ़ता है।उसने बताया कि वह सत्यवीर मीणा निवासी गिरधरपुरा चौथ का बरवाड़ा 12वीं में पढ़ता है। दोनों एक साथ रह रहे थे और आपस में एक बिस्तर की बात को लेकर भिड़ गए।

जबकि बिस्तर लोकेश मीणा का था। जब लोकेश सुबह विद्यालय पहुंचा तो सत्यवीर ने कुछ दोस्तों के साथ वहां उसके साथ मारपीट की।इससे उसके आंख व मुंह पर चोट आई है। पुलिस के मुख्य आरक्षी जगमोहन ने बताया कि दोनों छात्रों के परिजनों को सूचना दी तथा बाद में उन्हें परिजनों के हवाले कर दिया।

Published on:
31 Jul 2018 06:38 pm