टोंक

शहर में गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई कर पालिका वसूलेगी जुर्माना , पालिका की बैठक में लिया निर्णय

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
less than 1 minute read
Dec 29, 2018
the-municipality-will-impose-fines-on-those-who-spread-the-mess
शहर में गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई कर पालिका वसूलेगी जुर्माना , पालिका की बैठक में लिया निर्णय

टोडारायसिंह. नगरपालिका सभागार में शुक्रवार को पालिकाध्यक्ष संतकुमार जैन की अध्यक्षता में आयोजित पालिका की बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण 2019 के तहत पालिका क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए व्यापक प्रचार प्रसार का निर्णय किया गया। गत बैठक कार्रवाई की पुष्टि के बाद लम्बित प्रकरणों के निस्तारण को लेकर चर्चा की गई।

पालिकाध्यक्ष जैन ने ओडीएफ नगरपालिका क्षेत्र में लोगो को खुले में शौच पर नहीं करने के लिए प्रेरित करने, अधिकृत ठेकेदारों से सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता पर जोर देने के साथ पार्षदों को कस्बे को स्वच्छ बनाने के लिए व्यापक प्रचार प्रसार में भागीदारी निभाने पर बल दिया।

साथ ही भविष्य में कस्बे स्थित सार्वजनिक स्थल, चौराहे व मुख्य मार्गों पर गंदगी फैलाने व कचरे के ढेर लगाने पर जुर्माना वसूलने की बात कही।

पालिका ईओ चेतन कुमार जैन ने बताया कि बैठक में पालिकाकर्मी सिकन्दर को सफाई कर्मचारी से जमादार के पद पर पदोन्नत करने, ओमप्रकाश सैनी को जेसीबी ड्राइवर पर लगाने, कनिष्ठ लेखाकार आशीष खण्डेलवाल व सफाईकर्मी राजकुमार का स्थायीकरण करने, निर्माण स्वीकृति, खांचा भूमि, नामान्तरण, भूखण्ड विभाजन आदि पर चर्चा की।

बैठक में सामुदायिक भवनों के न्यूनतम शुल्क निर्धारण का निर्णय किया। साथ ही 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाने, राष्ट्रीय लोक अदालत में रखे जाने वाले प्रकरणों को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में पार्षद गोरीशंकर पारीक, सत्यनारायण सैनी, रामराज धाकड़, रामअवतार सैनी, एम. इस्लाम, कनिष्ठ अभियंता ब्रजेश शर्मा समेत अन्य पार्षद व पालिकाकर्मी मौैजूद थे।

Published on:
29 Dec 2018 06:45 pm