
देवली. सिरोही गांव से गत 30 जुलाई को घर में रखे सोने के ताबीज चुराने के आरोपी को बुधवार को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसकी ग्रामीणों ने धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी पोल्याड़ा निवासी महेन्द्र दरोगा है।
वहीं पुलिस ने उसके सहयोगी अमरसिंह मीणा व छोटू मीणा को भी पकड़ा है। उन्होंने महेन्द्र को वारदात करने में उकसाया तथा सहयोग किया है। उन्होंने बताया कि चोरी का मुख्य आरोपी महेन्द्र गांव स्थित देहलवाल मन्दिर परिसर में रहकर अपना गुजर-बसर करता है।
यहां उसने गत 30 जुलाई को गांव निवासी ग्यारसी देवी पत्नी जगदीश धाकड़ को भूख लगने की बात कही। इस पर पीडि़ता ग्यारसी उसे अपने साथ घर ले गई। जहां उसके लिए पीडि़ता ने खाना बनाया। इस बीच आरोपी महेन्द्र ने पानी पीने की बात कही तथा मौका पाकर घर में भगवान की ताक में रखा करीब सवा तोले का सोने का ताबीज चुरा लिया।
ताबीज चुराने के बाद आरोपी खाना वहीं न खाकर अपने साथ लेकर चला गया। शाम को जब पीडि़ता ने पूजा की ताक संभाली तो, ताबीज गायब मिला। वहीं आरोपी भी गांव में नहीं दिखा। इससे परिजनों को महेन्द्र पर चोरी का शक हुआ। तब से परिजन व ग्रामीण उसे ढूंढ रहे थे।
बुधवार को पीडि़ता के पुत्र रामदेव को आरोपी देवली शहर में घूमते मिला, जिसे रामदेव अपने साथ गांव सिरोही ले गया। वहां परिजनों व ग्रामीणों ने आरोपी से पूछताछ की तो, महेन्द्र ने वारदात करना स्वीकार किया। वहीं ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस आने तक रस्सी से बांध दिया।
देवली थाने की एसआई पुष्पा कासौटिया व हैडकांस्टेबल रामनारायण भी मौके पहुंचे। जहां उन्होंने वारदात की जानकारी लेकर आरोपी को थाने ले आई। पीडि़ता के पुत्र रामदेव ने पुलिस में रिपोर्ट दी है।
इधर, आरोपी पहले भी चोरी की वारदातों में पकड़ा जा चुका है। वह देहलवाल मन्दिर के आसपास ही रहता है। पूर्व में भी वह मन्दिर से दान राशि चुराने के मामले में पकड़ा जा चुका है।
चांदी का छत्र चोरी
टोंक. सदर थाना क्षेत्र स्थित अन्नपूर्णा गणेश मंदिर परिसर स्थित हनुमान की मूर्ति पर लगे चांदी के छत्र को चोर बुधवार दिन दहाड़े ले गए। इसकी जानकारी होने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने एफएसएल टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने बताया कि अन्नपूर्णा गणेश मंदिर परिसर में हनुमानजी का मंदिर है। इसमें मूर्ति पर चांदी का छत्र था, जिसे कोई चोर ले गया। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी दिखाई दे रहा है। पुलिस इसी आधार पर उसे पकडऩे का प्रयास कर रही है। सी प्रकार चोर मंगलवार को किदवई पार्क के समीप संतोषी माता मंदिर से दानपात्र ले गए।