
दूनी. तहसील के चांदसिंहपुरा पंचायत मुख्यालय स्थित तीन बाड़ों में शुक्रवार अज्ञात कारणों से आग लगने से दर्जनों ट्रॉली कड़बी सहित हजारों का सामान, लकडिय़ां एवं पेड़ जल राख हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने आस-पास के स्रोतों पर लगे इंजनों एवं मोटरें चला काबू पाने का प्रयास किया, सूचना पर पहुंची दमकल ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सरपंच अजनादेवी गुर्जर ने बताया कि आग से चांदसिंहपुरा निवासी रामराय गुर्जर के बाड़े में रखे 50 पाइप, 10 ट्रॉली ज्वार कड़बी, 1 ट्रॉली कुट्टी व लकडिय़ां, श्योजी गुर्जर के बाड़े में 6 ट्रॉली कड़बी, 20 पाइप, लकडिय़ां व रामकिशन गुर्जर के बाड़े में 14 ट्रॉली ज्वार कड़बी लकडिय़ां जलकर राख हो गए। वही इस दौरान लगी आग से करीब चार दर्जन से अधिक नीम, बबूल सहित अन्य पेड़ जलकर राख हो गए।
थाना सहायक उपनिरीक्षक भवानी शंकर ने बताया कि अज्ञात कारणों से एक बाड़े में रखी कड़बी में आग लग गई, इसके बाद देखते-देखते समीप के बाड़ों में आग लगना शुरू हो गई। बाड़ों में लगी भीषण आग देख ग्रामीण दौड़ पड़े, बाद में पुलिस की मदद से आस-पास के स्रोतों पर लगे इंजन-मोटरें चला आग पर काबू पाने का प्रयास किया, असफल रहने के बाद सूचना पर पहुंची दमकल ने करीब तीन घंटों की मशक्कत से आग पर काबू पाया। इस दौरान हल्का पटवारी पिंकी बडग़ुर्जर, कांग्रेस इकाई अध्यक्ष गुलाबचंद गुर्जर सहित गांव के सैकड़ों लोग मौजूद थे।