
टोंक. जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित टोंक जिले में सरोली चौरोह के पास रविवार को पिकअप व कार में हुई टक्कर में तीन जनों की मौत हो गई। वहीं तीन जने घायल हो गए। घायलों को दूनी चिकित्सालय से टोंक रैफर कर दिया। जहां से दो घायलों की स्थिति गम्भीर होने पर जयपुर रैफर कर दिया।
दूनी थाना पुलिस ने बताया कि मृतकों में कार में सवार उत्तराखण्ड निवासी विक्रमजीत सिंह तथा दलजीत कौर व पिकअप चालक दूनी निवासी सुरेन्द्र यादव है। जबकि घायलों में परमजीतसिंह, सुरजीत कौर तथा दिलराज है। इनमें से परमजीतसिंह तथा सुरजीत को जयपुर रैफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि कार में सवार सभी विक्रमसिंह, दलजीत कौर, परमजीत सिंह, सुरजीत कौर तथा दिलराज कोटा ? से धुवांकला स्थित गुरुद्वारा दर्शन के लिए आ रहे थे।
वहीं पिकअप चालक सुरेन्द्र यादव जयपुर के मुहाना मंडी में सब्जी बेचकर दूनी आ रहा था। सरोली चौराहे के समीप पिकअप तथा कार में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि सभी घायल उसमें फंस गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और दूनी चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां कार सवार विक्रमसिंह, दलजीत कौर तथा पिकअप चालक सुरेन्द्र यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं परमजीतसिंह, सुरजीत कौर तथा दिलराज को उपचार के बाद टोंक रैफर कर दिया।
अस्पताल में जमा भीड़
पिकअप व कार में हुई टक्कर के बाद मौके पर तथा दूनी चिकित्सालय में लोगों की भीड़ जमा हो गई। अस्पताल आए लोग घायलों की मदद में जुटे थे। वे घायलों का उपचार समेत उनके लिए दवाइयां ला रहे थे। हर कोई मदद को तैयार था। वहीं चिकित्सकों ने भी उपचार में जरा भी देरी नहीं की। रविवार का अवकाश होने के बावजूद चिकित्सक तुरंत आवास से अस्पताल पहुंच गए।
तूडी से भरे ट्रक में घुसी बस
जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्गस्थित सोहेला गांव में आगे चल रहे तूडी से भरे ट्रक में रोडवेज घुस गई। इसमें 5 जने घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों को टोंक के सआदत अस्पताल में भर्तीकराया। पुलिस ने बताया कि बस जयपुर से टोंक आ रही थी।
उसके आगे तूडी से भरा ट्रक चल रहा था। इस दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस ट्रक में जा घुसी। इससे बस में सवार 5 जने घायल हो गए। वहीं कईलेागों के चोटें आईहैं। पुलिस ने बस में सवार अन्य यात्रियों को अन्य बस से टोंक भिजवाया।