टोंक

‘बाबा का वोट, मतपेटी से धुआं, मची खलबली!’ राजस्थान में सरपंच चुनाव के दौरान रोचक वाक्या, ग्रामीण और पुलिस हैरान

Rajasthan Sarpanch Election 2026: टोंक की रामनगर धतूरी पंचायत चुनाव में अनोखी घटना। मतदान के आखिरी समय में मतपेटी से उठा धुआं, मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और गहमागहमी का माहौल बन गया।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 11:02 AM IST
Tonk Jhilai Panchayat Election Rama Nagar Dhaturi Ballot Box Smoke Chemical Incident
Related AI Image

राजस्थान में पंचायत राज चुनाव के चौथे चरण के दौरान टोंक जिले के झिलाय क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। निवाई उपखंड के अंतर्गत आने वाली रामनगर धतूरी ग्राम पंचायत में मतदान समाप्त होने से ठीक पहले उस वक्त अचानक हड़कंप मच गया जब एक मतदान केंद्र पर मतपेटी से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण मतदान केंद्र के बाहर जमा हो गए। इसी बीच सरपंच पद के एक प्रत्याशी के भाई पर मतपेटी में केमिकल डालने की अफवाह फैल गई, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

ग्रामीणों ने घटना की सूचना उपखंड प्रशासन को दी। इस पर रिटर्निंग ऑफिसर गंभीर सिंह और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर सृष्टि जैन मौके के लिए रवाना हुए। वहीं नायब तहसीलदार रामकेश मीणा मतदान केंद्र पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली।

मतपेटी से धुआं उठने की सूचना के बाद ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि मतपेटी में आग लगने के वास्तविक कारण और केमिकल डालने की अफवाह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब सवाल यह है कि मतदान केंद्र पर मतपेटी से धुआं कैसे उठा? क्या यह महज तकनीकी खराबी थी या घटना के पीछे कोई और वजह थी? इन सवालों का जवाब प्रशासनिक जांच के बाद ही सामने आएगा।

कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम?

अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के मुताबिक रामनगर धतूरी ग्राम पंचायत के मतदान केंद्र संख्या 126 और 127 पर सोमवार सुबह से शांतिपूर्ण मतदान चल रहा था। मतदान का समय पूरा होने ही वाला था और दोनों बूथों पर करीब 2000 वोट पड़ चुके थे।

अफवाह भरी चर्चा के अनुसार शाम करीब 5:55 बजे काले वस्त्र और गले में मालाएं पहने एक साधुनुमा शख्स बूथ नंबर 126 पर वोट डालने पहुंचा। वह कांटोली का ही रहने वाला है, जो इसी नई बनी ग्राम पंचायत के दायरे में आता है।

मतपेटी से धुआं और खलबली!

ग्रामीणों के बीच जारी चर्चाओं के मुताबिक जैसे वो साधुनुमा शख्स वोट डालकर कक्ष के बाहर निकला, अचानक मतपेटी के अंदर से धुआं उठने लगा। मतदानकर्मियों ने शोर मचाया तो आरोपी वहां से भागने की कोशिश करने लगा। गेट पर तैनात पुलिसकर्मी ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह झटका देकर भाग निकला।

आग लगने की आशंका को भांपते हुए मतदान दल ने मतपत्रों को बचाने के लिए तुरंत मतपेटी में मिट्टी डाल दी। इस सनसनीखेज खबर से मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और गहमागहमी का माहौल बन गया।

रात को खुली मतपेटी, कुछ मतपत्र जलने की आशंका, शेष सुरक्षित

घटना की सूचना मिलते ही एरिया मजिस्ट्रेट भूपेन्द्र यादव, निवाई एसडीएम और पुलिस वृत्ताधिकारी (CO) भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। प्रभावित मतपेटी को मौके पर ही सील कर दिया गया। रात करीब 10 बजे सभी 5 सरपंच प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों को केंद्र पर बुलाया गया। वीडियोग्राफी के बीच जब मतपेटी खोली गई, तो राहत की सांस ली गई क्योंकि मतपत्रों को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा था।

एरिया मजिस्ट्रेट भूपेन्द्र यादव ने बताया कि कुछ मतपत्र प्रभावित हुए थे, जिनमें पंच -सरपंच पद के मत शामिल थे। बाकी सभी मत सुरक्षित थे। इसके बाद निर्वाचन आयोग के नियमों के तहत तुरंत वोटों की गिनती शुरू की गई।

पारिवारिक विवाद और एफआईआर

प्रशासन के मुताबिक, परिसीमन के बाद रामनगर धतूरी पहली बार ग्राम पंचायत बनी है। यहां सरपंच पद के 5 उम्मीदवार मैदान में रहे। पुलिस यह संभावना जता रही है कि आपसी या पारिवारिक विवाद के चलते इस घटना को अंजाम दिया।

Updated on:
17 Nov 2026, 11:02 AM IST
Published on: