टोंक

Tonk Panchayat Samiti Pradhan Chunav Live: टोंक जिले में प्रधान चुनाव; यहां देखें अपडेट

Tonk Pradhan Chunav: टोंक जिले की आठ पंचायत समितियों में शुक्रवार को प्रधान का चुनाव होगा। पंचायत समिति चुनावों के परिणामों में कांग्रेस ने सात जगह स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि मालपुरा में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
3 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 11:35 AM IST
tonk Pradhan Chunav 2026
tonk Pradhan Chunav 2026

Tonk Panchayat Samiti Pradhan Chunav Live: टोंक। जिला परिषद में जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के दोनों पदों पर जीत दर्ज करने के बाद अब राजनीतिक दलों की नजर पंचायत समितियों के प्रधान पदों पर है। जिले की आठ पंचायत समितियों में शुक्रवार को प्रधान का चुनाव होगा। पंचायत समिति चुनावों के परिणामों में कांग्रेस ने सात जगह स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि मालपुरा में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। ऐसे में सात पंचायत समितियों में कांग्रेस के प्रधान बनने का रास्ता लगभग साफ नजर आ रहा है, वहीं मालपुरा में प्रधान पद को लेकर राजनीतिक जोड़तोड़ और रणनीतिक बैठकों का दौर तेज है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने अपने-अपने स्तर पर अंतिम मंथन शुरू कर दिया है। प्रधान पद के निर्वाचन के बाद शनिवार को उप प्रधान का चुनाव होगा। राजस्थान प्रधान चुनाव की ताजा और लाइव अपडेट पढ़ें

पंचायत समिति चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने जिले में अपना दबदबा कायम रखा है। टोंक पंचायत समिति के 17 वार्डों में कांग्रेस ने 10 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। निवाई में 29 में से 19, पचेवर में 15 में से 10, उनियारा में 23 में से 14, देवली में 25 में से 15, पीपलू में 17 में से 9 और टोडारायसिंह में 19 में से 11 सीटें कांग्रेस के खाते में गई। इन सातों पंचायत समितियों में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलने से प्रधान पद पर पार्टी की दावेदारी मजबूत है। आठ पंचायत समितियों में मालपुरा का चुनाव परिणाम भाजपा के लिए राहत लेकर आया। यहां भाजपा ने 15 में से सात सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी का स्थान हासिल किया।

लेकिन बहुमत के लिए जरूरी आठ सीटों का आंकड़ा नहीं छू सकी। कांग्रेस को छह, रालोपा को एक और एक सीट निर्दलीय के खाते में गई। ऐसे में भाजपा को प्रधान बनाने के लिए अतिरिक्त समर्थन की जरूरत होगी। वहीं कांग्रेस भी इस समीकरण पर नजर बनाए हुए है। मालपुरा में एक-एक सदस्य का समर्थन प्रधान पद के चुनाव में अहम साबित हो सकता है।

यहां देखें Tonk Panchayat Samiti Pradhan Chunav Live Update

  • टोडारायसिंह में कांग्रेस की ओर से रेणु चौधरी और बीजेपी की ओर से गोपाल सिंह ने प्रधान पद प्रत्याशी का नामांकन भरा हैं।
  • पीपलू में रतनी देवी ने प्रधान पद के लिए बीजेपी की ओर से रतनी देवी और कांग्रेस प्रत्याशी कौशल्या ने प्रधान पद प्रत्याशी का नामांकन भरा हैं।
  • उनियारा प्रधान चुनाव कांग्रेस ने वार्ड 8 की सदस्य एकता वर्मा को बनाया प्रधान पद का उम्मीदवार
  • टोंक पंचायत समिति प्रधान के पद पर कांग्रेस ने सुनीता हंसराज फागना ने भरा नामांकन
  • निवाई प्रधान पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी फूलचंद लांगडी और भाजपा प्रत्याशी देवराज गुर्जर ने भरा नामांकन

कहां किस दल को कितनी सीटें

जिले की आठ पंचायत समितियों के चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने कुल 94 सीटें हासिल की है। जबकि भाजपा को 46, रालोपा को 14, बसपा को एक और निर्दलीय प्रत्याशियों को 10 सीटें मिली है। टोंक में कांग्रेस ने 10, भाजपा ने चार और रालोपा ने तीन सीटें जीती हैं। निवाई में कांग्रेस को 19, भाजपा को आठ और निर्दलीय को दो सीटें मिली हैं। उनियारा में कांग्रेस ने 14, भाजपा ने छह और निर्दलीय प्रत्याशियों ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है। देवली में कांग्रेस ने 25 और भाजपा ने 15, रालोपा, बसपा को एक-एक तथा निर्दलीय को दो सीटें मिली है। पीपलू में कांग्रेस को नौ, भाजपा को सात और रालोपा को एक, टोडारायङ्क्षसह में कांग्रेस ने 11, भाजपा ने पांच, रालोपा ने तीन, मालपुरा में भाजपा ने सात, कांग्रेस ने छह और रालोपा ने एक सीट, पचेवर में पंचायत समिति में कांग्रेस को 10 सीटें मिली हैं।

यह है निर्वाचन कार्यक्रम

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को पहले निर्वाचित सदस्यों की बैठक होगी। इसके बाद सुबह 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। सुबह 11.30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। दोपहर 1 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। इसके तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित कर चुनाव लडऩे वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जाएगी। मतदान दोपहर 3 से शाम 5 बजे के बीच होगा। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। वहीं शनिवार को उप प्रधान पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

यहां होंगे चुनाव

निर्वाचन के लिए पंचायत समिति वार बैठक स्थल निर्धारित किए गए हैं। टोंक पंचायत समिति के लिए सर्वउद्देशीय राजस्व प्रशिक्षणालय टोंक, पचेवर के लिए राजीव गांधी सेवा केंद्र पचेवर तथा निवाई, टोडारायसिंह, देवली और मालपुरा में संबंधित पंचायत समिति सभागार में चुनाव होंगे। उनियारा पंचायत समिति का चुनाव पंचायत समिति सभागार मुख्यालय अलीगढ़ में होगा। वहीं पीपलू पंचायत समिति के लिए उपखंड अधिकारी कार्यालय के सभागार को बैठक स्थल बनाया गया है।