
मालपुरा. विधानसभा मालपुरा में बीते पांच साल में विधायक कन्हैयालाल चौधरी द्वारा क्षेत्र में विकास के सपने संजोने के लिए कई प्रकार के जनता से वादे किए गए ,लेकिन पांच साल के विकास में मालपुरा में ट्रोमा अस्पताल खोलने, टोरडी सागर बांध सहित विधानसभा क्षेत्र के सिंचाई बांधों में बीसलपुर बांध का ओवरफ्लो पानी डालने, मालपुरा में खेल स्टेडियम का निर्माण, राजकीय महाविद्यालय के क्रमोन्नत करने, पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र खोलने, बम्ब तालाब का सौन्दर्यकरण, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में एनेस्थिया चिकित्सक की नियुक्ति, ट्रोमा अस्पताल की स्थापना सहित कई वादे विधायक के क्षेत्र में आज भी अधूरे हैं।
विधायक ने अस्पताल में चिकित्सकों के पदों को भरवाने का कार्य किया, लेकिन दुर्घटना में घायल होने वाले रोगियों को आज भी चिकित्सकों द्वारा रैफर टू जयपुर ही कहा जाता है। अस्पताल में सोनोग्राफी की मशीन नहीं होने से रोगियों को महंगे दामों पर बाजारों में सोनोग्राफी करवानी पड़ती है।
आज भी कई गांवो में लिंक रोड नहीं बनने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लावा से सोडा तक जाने वाले मार्ग का डामरीकरण नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
विधायक कन्हैयालाल चौधरी ने पांच वर्ष पूर्व जनता से क्षेत्र में विकास के लिए कई वादे किए थे, जिनको पूरा करने में उन्होंने अपने स्तर पर प्रयास भी किए लेकिन कुछ महत्वपूर्ण वादे जिनका आमजन को पूरा होने का विश्वास था, उनके पूरा नहीं होने से मतदाताओं को मलाल है।
विधायक बनने के बाद कन्हैयालाल चौधरी ने जनमानस की भावना को देखते हुए विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण क्षेत्रों की बिगड़ी सडक़ों की दुर्दशा को सुधारने का पहला बड़ा कदम बढ़ाते हुए क्षेत्र में करोड़ों रुपए की सडक़ों का निर्माण करवाकर सडक़ों का जाल बिछाया, जिनमें मुख्य रूप से दूदू-छान स्टेट हाइवे का निर्माण, लावा से डिग्गी, डिग्गी के चारों तरफ रिंग रोड का निर्माण, मालपुरा से बागड़ी व अजमेर जिले की सीमा तक सहित कई मार्गों पर नवीन सडक़ों का निर्माण करवा लोगों को आवागमन में सुविधा उपलब्ध करवाई। विधायक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरवाने का कार्य किया।
बंद पड़े डेयरी संयंत्र पर नवीन भूमि का आवंटन करवाकर नवीन संयंत्र की स्थापना करवाने का प्रमुख कार्य करवाया। ब्रह्मणी नदी का पानी बीसलपुर बांध में डलवाने की महत्वपूर्ण योजना की स्वीकृति करवाने का प्रमुख कार्य स्वीकृत करवाकर क्षेत्र के लोगों की पेयजल समस्या का समाधान करवाने की कोशिश की तथा केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक विधानसभा क्षेत्र में कार्य स्वीकृत करवाए।
कानून व्यवस्था हमेशा सही रही। विधानसभा क्षेत्र में रोजगार के अवसरों की कमी रही जिससे युवाओं का शहरों की ओर पलायन को नहीं रोका जा सका। क्षेत्र के गांवो में आज भी ग्रामीणों के लिए पानी की ठोस व्यवस्था नहीं होने से उनको 48 घंटे में मात्र 20 से 25 मिनिट मिलने वाले पानी से काम चलाना पड़ रहा है।
कन्हैयालाल बनाम रामबिलास
कन्हैयालाल चौधरी के विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं में लगभग चार हजार करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए गए। वहीं विधायक कोष सेे साढ़े दस करोड़ के विकास कार्य कराए गए हैं।
कांग्रेस के रामबिलास चौधरी ने क्षेत्र के विकास के लिए कई बार धरना-प्रदर्शन कर किए लेकिन स्थानीय अधिकारियों को ही ज्ञापन सौंपकर आवाज को स्थानीय स्तर तक ही रखने से क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करने में विफल रहे।
क्या थे वादे और क्या हुआ
कन्हैयालाल चौधरी
मालपुरा में ट्रोमा सेंटर खुलवाने का वादा पूरा नहीं हुआ।
क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण मांग टोरडी सागर में बीसलपुर बांध का ओवरफ्लो पानी डालने का कार्य सपना ही रहा।
मालपुरा में खेल स्टेडियम नहीं बन पाया।
रामबिलास चौधरी
क्षेत्र में शीत लहर से फसल खराब होने पर किसानों को मुआवजा नहीं दिलवा पाए।
पानी व सडक़ों की समस्या को लेकर कभी जनता के साथ
नहीं आए।
ट्रोमा सेंटर की मांग पूरी कराने के लिए जनआंदोलन नहीं किया
क्षेत्र का जन एजेंडा
बीसलपुर बांध का ओवरफ्लो पानी टोरडी सागर, चान्दसेन व लाम्बाहरिसिंह बांध में डाला जाए।
मालपुरा राजकीय महाविद्यालय को क्रमोन्नत करे।
टोडारायसिंह में कन्या महाविद्यालय खोला जाए।
ग्रामीण क्षेत्र में परिवहन के साधनों का विस्तार हो।
गांवों में चिकित्सा, शिक्षा व बैंकिग सेवाओं का विस्तार।
उपखण्ड मुख्यालय पर ब्लंड बैंक कि स्थापना करे।
टोडारायसिंह में पर्यटन को विकसित किया जाए।
क्षेत्र में विकास के लिए ग्रांम पंचायतवार प्राथमिकता के आधार पर योजनाएं बनाई जाए और उसके हिसाब से विकास कार्य कराए जाए। क्षेत्र में शिक्षा के विकास के लिए महाविद्यालय को क्रमोन्नत कराए जाए।
डॉ. अंकित जैन
मालपुरा क्षेत्र में कृषि का विकास किए जाने के लिए बीसलपुर का ओवरफ्लो पानी टोरडी सागर सहित सिंचाई के बांधों में डाला जाए, जिससे क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हो सकेगा तथा युवाओं के रोजगार के लिए औद्योगिक क्षेत्र का विकास हो।
मुकेश कुमार मारू