
बंथली. जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग की सरोली चौकी पुलिस ने सोमवार शाम हनुमाननगर थाना (भीलवाड़ा) क्षेत्र से लूटे बाजरे की बोरियों से भरे ट्रेलर को नाकाबंदी कर पकड़ लिया। इस दौरान चालक व साथ चल रहे कार सवार आरोपी फरार हो गए। बाद में सरोली चौकी पुलिस ने हनुमाननगर पुलिस को पकड़े गए ट्रेलर की सूचना दी।
चौकी प्रभारी राजेन्द्र प्रसाद शर्मा ने बताया कि चालक ट्रेलर में जयपुर से बाजरे की बोरियां भरकर गुजरात जा रहा था। हनुमाननगर चौराहे पर कार में आए चार-पांच आरोपियों ने कार को ट्रेलर के आगे फंसा रुकवा लिया और चालक से मारपीट कर डरा-धमकाकर वापस जयपुर की ओर चलने को कहा।
घबराए चालक ने ट्रेलर को वापस जयपुर की ओर ले जाने लगा। इस दौरान कार सवार आरोपी भी उसके पीछे हो लिए। इसी दौरान ट्रेलर चालक की ओर से मालिक को ट्रेलर लूटने की सूचना देने पर मालिक की ओर से पुलिस नियंत्रण कक्ष पर सूचना देने के बाद जिले में नाकाबंदी करवाई।
सरोली चौकी के बाहर पुलिसकर्मी राजेन्द्र चौधरी आदि पुलिसकर्मियों ने नाकाबंदी की तो देवली की ओर से ट्रेलर आते को रुकवाया तो चालक अचानक वाहन को रोककर अंधेरे में फरार हो गए। इसी दौरान पीछे चल रहे कार सवार भी वाहन लेकर फरार हो गए। बाद में पुलिस ने बाजरे की बोरियों से भरे ट्रेलर को जब्त कर हनुमाननगर थाना पुलिस को कार्रवाई से अवगत कराया गया।
चालक संदेह के घेरे में
टे्रलर मालिक ने पुलिस नियंत्रण कक्ष टोंक को ट्रेलर लूट की सूचना दी। लूट की घटना के बाद भी चालक ट्रेलर को चलाकर जयपुर की ओर ला रहा था। सरोली पुलिस चौकी पर नाकाबंदी के दौरान चालक ट्रेलर छोड़ भागने के बाद पुलिस चालक पर भी लूट की वारदात में लिप्त होने को लेकर संदेह कर रही है। चौकी प्रभारी ने बताया कि मामले के एक-एक पहलू से हनुमानगर थानाप्रभारी को अवगत करवाया गया है।