टोंक

अलग-अलग हुए सडक़ हादसों में बाइक सवार दो जनों की हुई मौत

युवक बाइक से गांव की ओर लौट रहे थे। इस बीच वे अनियंत्रित होकर अण्डरपास पुलिया के समीप गिर गए।
2 min read
Jun 22, 2018
Road accident
देवली. जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग व देवली-भीलवाड़ा मार्ग पर बुधवार रात अलग-अलग हुए सडक़ हादसों में बाइक सवार दो जनों की मौत हो गई।

देवली. जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग व देवली-भीलवाड़ा मार्ग पर बुधवार रात अलग-अलग हुए सडक़ हादसों में बाइक सवार दो जनों की मौत हो गई। वहीं तीन जने घायल हो गए। उनका देवली अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जयपुर-कोटा राजमार्ग पर सिरोही गांव के समीप बाइक सवार दो जने अनियंत्रित होकर गिर गए। देवली थाने के हैडकांस्टेबल बाबूलाल खटाणा ने बताया कि हादसे में धनपाल पुत्र रामलाल मीणा निवासी सतवाड़ा की मौत हो गई। वहीं उसका साथी रामसिंह पुत्र महावीर मीणा घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार हादसा देर रात का है। जहां दोनों युवक बाइक से गांव की ओर लौट रहे थे। इस बीच वे अनियंत्रित होकर अण्डरपास पुलिया के समीप गिर गए। इनमें धनपाल की मौके पर मौत हो गई। जबकि रामसिंह घायल हो गया।

ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह युवक को अचेत अवस्था में पड़ा हुआ देखकर देवली पुलिस को सूचना दी। जहां पुलिस ने घायल को राजकीय अस्पताल भर्ती कराया। वहीं मृतक धनपाल के शव को मोर्चरी में रखवाया।

चिकित्सक डॉ. जगदीश कुमावत ने बताया कि युवक की मौत करीब 7 घंटे से अधिक हो गए। इसके चलते उसका शव भी अकड़ गया। घायल रामसिंह का उपचार जारी है। उधर, देवली-भीलवाड़ा मार्ग पर अमरवासी गांव स्थित निजी महाविद्यालय के समीप किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार 58 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई।

एएसआई उम्मेद सिंह ने बताया कि मृतक रंगलाल पुत्र भुवाना मीणा निवासी रामाखेड़ा थाना शक्करगढ़ है। जबकि घायल रतनजीत मीणा व लड्डूलाल मीणा निवासी नाथून थाना शक्करगढ़ है। तीनों हनुमाननगर के टीकड़ गांव स्थित चावण्ड माता के यहां प्रसादी कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए थे।

जहां लौटते समय देर रात किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों घायलों का राजकीय अस्पताल में उपचार जारी है। दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस ने राजकीय अस्पताल देवली में शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के हवाले कर दिया।

Published on:
22 Jun 2018 09:26 am