टोंक

video: देवली से संचालित हो रही है उनियारा नगरपालिका, चार माह में एक बार ही आए ईओ

नगरपालिका कर्मचारियों को कोई भी कार्य कराने या किसी भी दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराने हों तो देवली ही जाना पड़ता है।  

2 min read
Aug 09, 2018
uniyaara nagarapaalika
उनियारा. नगरपालिका अधिशासी अधिकारी का पद रिक्त होने से क्षेत्रविकास कार्यों में पिछड़ रहा है। नगरपालिका में 23 अप्रेल 2018 को अधिशासी अधिकारी सीमा चौधरी का स्थानान्तरण हो गया था

उनियारा. नगरपालिका अधिशासी अधिकारी का पद रिक्त होने से क्षेत्रविकास कार्यों में पिछड़ रहा है। नगरपालिका में 23 अप्रेल 2018 को अधिशासी अधिकारी सीमा चौधरी का स्थानान्तरण हो गया था। इसके बाद उन्होंने टोंक नगर परिषद में आयुक्त का कार्यभार सम्भाल लिया, लेकिन 15 दिन बाद नगरपालिका में रिक्त ईओ के पद का चार्ज देवली नगरपालिका में नियुक्त ईओ भगवतसिंह परमार को सौंप दिया गया।

चार्ज सौंपने के बाद ईओ भगवत सिंह नगरपालिका में चार माह में एक ही आए। इसके बाद नगरपालिका कर्मचारियों को कोई भी कार्य कराने या किसी भी दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराने हों तो देवली ही जाना पड़ता है। इससे कर्मचारियों को हो रही परेशानी के साथ जनता को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

बाधित हैं कई कार्य
नगरपालिका में लोगों के कई कार्य बाधित हो रहे हैं। इसमें अब तक शौचालयों की अनुदान राशि लोगों को नहीं मिल पाई है। आमजन आए दिन नगरपालिका पहुंचता है, लेकिन निराश होकर वापस लौट कर आ जाता है।

साथ ही जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, निर्माण कार्य, कर्मचारियों की ओर से भरे हुए दस्तावेज पर हस्ताक्षर सहित आए दिन होने वाले कार्यों को लेकर लोगों को परेशानी हो रही है। इधर, इस बारे में जब ईओ भगवत सिंह परमार से वार्ता करनी चाही तो उन्होंने दूरभाष पर कोई जवाब नहीं दिया।

कनिष्ठ अभियन्ता का भी स्थानान्तरण
पालिका में नियुक्त कनिष्ठ अभियन्ता रामकरण शर्मा का भी हाल ही में विजय नगर नगरपालिका में स्थानान्तरण हो गया है।इससे पालिका में होने वाले कुछ जरूरी काम, जो कनिष्ठ अभियन्ता करते थे, वो भी अब बाधित हो रहे हैं। वहीं स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया
नगरपालिका में हाल की जो स्थिति चल रही है।उससे सभी विकास कार्य रुके हुए हंै तथा लोगों को हो रही परेशानी को लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया, लेकिन कोई व्यवस्था नहीं हुई है।
राकेश बढ़ाया, नगरपालिका अध्यक्ष

Published on:
09 Aug 2018 08:07 am