
घटना के दौरान महिला के गले में कपड़ा लिपटा होने के कारण उसकी जान बच गई। घटना के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और लोग खेतों की ओर दौड़ पड़े। जानकारी के अनुसार, राजमहल निवासी मोतियां देवी रैगर (65) पत्नी मथुरा लाल शुक्रवार को खेत में खरपतवार हटाने का कार्य कर रही थी। इसी दौरान अचानक वन्य जीव ने उस पर हमला कर दिया, जिससे महिला दूर जा गिरी। हमले में उसके चेहरे पर दांतों के घाव हो गए। महिला ने बताया कि घटना के समय वन्य जीव ने अचानक गर्दन पर वार किया, लेकिन गले में कपड़ा लिपटा होने से हमले का असर कम हुआ और उसकी जान बच गई। घटना के बाद ग्रामीण घायल महिला को राजमहल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
घटना की सूचना पर वन विभाग नाका राजमहल के सहायक वनपाल मुकेश चौधरी और वनरक्षक हस्ती राम सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने खेत के आसपास वन्य जीव के पंजों के निशान तलाशे। प्रारंभिक जांच में हमलावर वन्य जीव के जंगली शियार या जरख होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वन्य जीव की पहचान की पुष्टि नहीं हुई है।
महिला पर हमले की घटना के बाद गांव में भय का माहौल बन गया। ग्रामीण खेतों की ओर दौड़े और आसपास के क्षेत्र में वन्य जीव की मौजूदगी को लेकर चिंता जताई। खेतों में काम करने वाले लोगों में भी दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, वन्य जीव की पहचान करने और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने की मांग की।