
देवली. शहर में चोरी की नियत से घूम रही पांच महिलाओं को सोमवार को देवली पुलिस ने लोगों के सहयोग से पकड़ लिया। हालांकि आरोपी महिलाएं बड़ी वारदात नहीं कर सकी, जिन्हें बाद में पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी दूलीचंद गुर्जर ने बताया कि पांचों महिलाएं बागरिया जाति एवं बारां जिले की निवासी है। इनमें विमला देवी पत्नी सुरेन्द्र बागरिया निवासी बालाखेड़ा थाना अंता जिला बारां, राजीबाई पत्नी जमनालाल निवासी अटरु बारां, असीना पत्नी अमरलाल निवासी मनोहरपुर, रीना पत्नी धनराज व हेमता पत्नी अमरलाल बागरिया है। महिलाओं के साथ दो वर्षीय बच्ची शिवांगी भी है।
महिलाओं ने सबसे पहले बस स्टैण्ड स्थित मणिहारी की दुकान पर वारदात करने का प्रयास किया। यहां दुकानदार की सर्तकता से बड़ी वारदात नहीं हो सकी। उसके बाद दुकानदार खुशराज बागड़ी ने उक्त महिलाओं की जानकारी सोशल मीडिया के विभिन्न ग्रुप में डाल दी।
इसके चलते शहरवासी सतर्क हो गए। इस दौरान दोपहर डेढ़ बजे पांचों महिलाएं जहाजपुर रोड पर जाती दिखी। उन्हें देख लोगों ने पीछा किया तथा साथ ही पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे एसआई घनश्याम मीणा ने महिलाओं को पकड़ लिया, जिन्हें पुलिस थाने ले आई।
जहां महिला पुलिसकर्मी ने पांचों महिलाओं के बैग की तलाशी ली। पुलिस की पूछताछ में महिलाएं संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाई। वहीं उनके पास मिले सामानों के आधार चोरी करने की नियत की पुष्टि हुई। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इस दौरान आरोपी महिलाएं थाना प्रभारी व पुलिसकर्मियों से छोडऩे की मिन्नते करती रही, लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी। पुलिस का कहना है कि महिलाएं समय पर पकड़ी गई नहीं तो, ये बड़ी वारदात कर फरार हो जाती।
चोरी के आरोपी को जेल भेजा
बंथली. दूनी थाना क्षेत्र के राजमहल पंचायत के देवीखेड़ा गांव से टै्रक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में रिमाण्ड पर चल रहे आरोपी को पुलिस ने सोमवार को दूनी न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
एएसआई बालकिशन शर्मा ने बताया कि आरोपी अटरू जिला बारां निवासी सोनू पुत्र गिरधारी गोड़ है। देवीखेड़ा के बाबूलाल ने आरोपी के खिलाफ ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी कर ले जाने का मामला दर्ज कराया था।