
नई दिल्ली | बिग बॉस 14 (Bigg Boss 14) में कंटेस्टेंट बनकर पहुंचे सिंगर कुमार सानू के बेटे जान कुमार सानू (Jaan Kumar Sanu) ने हाल ही में मराठी भाषा पर टिप्पणी कर दी थी। जिसके कारण पूरे शो पर आफत आ गई थी। मामला इतना बढ़ गया था कि जान ने नेशनल टेलिविजन पर माफी मांगी थी। यहां तक कि कुमार सानू और उनकी पत्नी ने भी अपने बेटे की गलती पर माफी मांगी थी। लेकिन बिग बॉस 11 की एक्स कंटेस्टेंट अर्शी खान (Arshi Khan) अभी भी संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि जान को मराठी भाषा में माफी मांगनी चाहिए।
अर्शी खान ने जान की माफी पर उठाया सवाल
अर्शी खान अपनी बेबाक बोल के लिए जानी जाती हैं। अब उन्होंने जान कुमार सानू को लेकर अपनी प्रतिक्रिया रखी है। अर्शी इन दिनों मराठी म्यूजिक की शूटिंग में बिजी हैं जहां वो इस भाषा को बखूबी सीख भी रही हैं। इसी को लेकर अर्शी ने कहा कि मैं मराठी भाषा के लिए काम करके गर्व महसूस कर रही हूं। मैं एक मराठी सॉन्ग की शूटिंग कर रही हूं। जिसमें मेरा लुक भी बिल्कुल मराठी लोगों जैसा होने वाला है। ये भाषा और यहां के लोग बहुत ही अच्छे होते हैं। जान कुमार सानू ने मराठी भाषा का जो अपमान किया था उसके लिए उन्हें मराठी में ही माफी मांगनी चाहिए।
बिग बॉस में अंग्रेजी बोलने पर भी उठाया सवाल
अर्शी ने आगे कहा कि जान ने अभी जो माफी मांगी है उसका कोई मतलब नहीं है। वो मराठी में बोलकर सभी से माफी मांगे। मराठी भाषा जान को इरिटेटिंग लगती हैं ये बोलने के लिए उन्हें मराठी में ही अपनी गलती स्वीकार करनी होगी। सभी भाषाओं का बराबर से सम्मान होना चाहिए। मैं होती तो उससे मराठी में बोलकर ही इरिटेट करती। हालांकि शो में कंटेसटेंट अंग्रेजी भी बोलते हैं। जबकि बिग बॉस एक हिंदी शो है।