33 साल बाद हुआ खुलासा, रावण के रोल के लिए अरविंद त्रिवेदी नहीं, ये शख्स था पहली पसंद....
कोरोना वायरस महामारी के चलते 33 साल बाद फिर 'रामायण' सीरियल ( Ramayan Serial ) का प्रसारण दूरदर्शन पर किया गया। इस सीरियल के सभी स्टार्स एक बार खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। इस बीच रावण का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी ( Arvind Trivedi ) भी अपने घर पर टीवी पर 'रामायण' देखते नजर आए। लोगों ने राम के किरदार में अरुण गोविल, सीता के रोल में दीपिका चिखलिया, लक्ष्मण के किरदार में सुनील लहरी और रावण के किरदार में अरविंद त्रिवेदी को खूब पसंद किया।
अरविंद त्रिवेदी नहीं, अमरीश पुरी थे पहली पसंद
33 साल बाद टीवी पर दोबारा 'रामायण' का प्रसारण हुआ और इस बात का खुलासा भी हुआ कि 'रावण' के रोल के लिए निर्माताओं की पहली पसंद अरविंद त्रिवेदी नहीं, बल्कि बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अमरीश पुरी थे। रामानंद की टीम के लोगों ने अमरीश पुरी को रावण के रोल के लिए अप्रोच किया था। अरविंद त्रिवेदी ने खुद यह बात बताई कि रावण के किरदार के लिए अमरीश पुरी के नाम पर चर्चा हो रही थी। खैर, यह रोल अरविंद त्रिवेदी को ही मिला।
ऐसा मिला रावण का रोल
जब अरविंद त्रिवेदी को पता चला कि 'रामायण' के किरदारों के लिए ऑडिशन चल रहे हैं तो वे गुजरात से मुंबई आए। उन्हें केवट का किरदार मिलने की उम्मीद थी। इसके बाद रामानंद सागर ने उनसे स्क्रिप्ट पढ़ने को कहा। जब अरविंद ने स्क्रिप्ट पढ़ी तो रामानंद सागर ने कहा कि उन्हें अरविंद में 'लंकेश' का किरदार मिल गया है। खुद अरविंद ने बताया कि रावण का किरदार उन्हें इसलिए मिला क्योंकि उनमें कैरेक्टर को अपने अंदर खींचने का गुण पता था। इसके बाद अमरीश पुरी की बजाए रावण के किरदार के लिए अरविंद त्रिवेदी को फाइनल किया गया।