
रुपाली गांगुली का महिला पर फूटा गुस्सा (Photo Source- Twitter/@ragarwal)
Rupali Ganguly On female tourist shoutingin Ladakh: लद्दाख के मीनामर्ग चेक पोस्ट पर सुरक्षाकर्मियों से बहस करती एक महिला पर्यटक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती खुद को Gen Z बताते हुए रास्ता रोके जाने पर नाराजगी जताती नजर आ रही है। जैसे ही ये वीडियो आया लोगों ने अपने-अपने विचार रखने शुरू कर दिए। अब इस मामले में टीवी अभिनेत्री रुपाली गांगुली ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और इसे बकवास बताया है।
रुपाली गांगुली ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया X (पहले ट्विटर) पर इंडियन आर्मी से लड़ते हुए महिला का वीडियो शेयर किया और उनके व्यवहार को गलत बताया। उन्होंने लिखा,"हम इस बकवास को बर्दाश्त नहीं करेंगे! मुझे लगता है कि टूर पर जाने से पहले तुम्हें वापस स्कूल जाना चाहिए, बकवास!"
रुपाली गांगुली के इस तीखे बयान ने इंटरनेट पर तुरंत लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की सीमाओं और कठिन परिस्थितियों में हमारी सुरक्षा में तैनात जवानों का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। हालांकि, यहां यह बात साफ करना जरूरी है कि सेना ने बताया है कि वायरल वीडियो में दिख रहा चेक पोस्ट भारतीय सेना का नहीं, बल्कि पुलिस का था। सेना ने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना का भारतीय सेना से सीधा संबंध नहीं है।
रिपोर्टों के अनुसार, रास्ते पर अस्थायी पाबंदी लगाई गई थी और पर्यटकों को कई घंटों तक रुकना पड़ा था। इस देरी से परेशान एक महिला पर्यटक सुरक्षा कर्मियों से उलझ गई। वीडियो में युवती को कहते सुना जा सकता है, “हम Gen Z हैं, हम ये सब बर्दाश्त नहीं करेंगे।” वह कथित तौर पर इस बात पर भी सवाल उठा रही थी कि VIP मूवमेंट को रास्ता दिया गया, जबकि आम पर्यटक इंतजार करते रहे। सोशल मीडिया पर वायरल अन्य हिस्सों में वह सरकारी कर्मचारियों की सैलरी टैक्स से मिलने की बात भी कहती दिख रही हैं।
वहीं कुछ खबरों के अनुसार, घटना 25 जुलाई की बताई जा रही है। उस दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख की जोजिला-गुमरी मार्ग से यात्रा प्रस्तावित थी। खराब मौसम के कारण यात्रा मार्ग में बदलाव हुआ और नागरिक यातायात को कुछ समय के लिए रोका गया। हालांकि, लद्दाख पुलिस ने इसे कारगिल विजय दिवस के आसपास, 26 जुलाई का मामला भी बताया है।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस वीडियो पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने “हम Gen Z हैं” वाली बात को पुराने अंदाज “जानते नहीं मेरा बाप कौन है?” जैसा बताया। उनके मुताबिक, मामूली असुविधा पर इस तरह Gen Z पहचान का इस्तेमाल करना उस पीढ़ी के लिए लोगों की सकारात्मक धारणा को नुकसान पहुंचा सकता है।
वीडियो सामने आने के बाद पर्यटकों के व्यवहार और सुरक्षा प्रतिबंधों पर नई बहस छिड़ गई है। कुछ लोगों ने माना कि घंटों तक इंतजार कर रहे पर्यटकों की नाराजगी समझी जा सकती है, लेकिन सार्वजनिक सुरक्षा और सीमावर्ती क्षेत्र के प्रोटोकॉल को देखते हुए विरोध का तरीका मर्यादित होना चाहिए।
Updated on:
20 Aug 2026 08:27 am
Published on:
20 Aug 2026 08:19 am
