
नई दिल्ली | एकता कपूर के सीरियल कसौटी जिंदगी की (Kasautii Zindagii Kay) फेम अनुराग बासू उर्फ सिजेन खान (Cezanne Khan) पर अमेरिका में रहने वाली एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आयशा पिरानी (Aisha Pirani) नाम की महिला का दावा है कि सिजेन ने उससे साल 2015 में शादी की थी और जैसे ही उन्हें अमेरिका का ग्रीन कार्ड मिला उन्होंने डिवोर्स फाइल कर दिया। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, महिला ने सिजेन से शादी का सर्टिफिकेट भी दिखाया है और दावा किया कि उनके साथ धोखा किया गया था। महिला ने ये भी कहा कि जितने दिन सिजेन अमेरिका में रहे उनके पैसे पर ही रहे। वहीं सिजेन खान का भी इसपर रिएक्शन सामने आया है जो महिला के दावे से बिल्कुल उलट है।
महिला ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत करते हुए बताया है कि सिजेन उनसे शादी की बात दुनिया से छुपा रहे हैं उन्हें इस बात से दिक्कत है। वैसे चाहे वो 50 बार शादी करें उन्हें अब फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने ये भी कहा कि सिजेन ने उनसे अमेरिका का ग्रीन कार्ड पाने के लिए शादी की थी और उसके बाद तलाक दे दिया। साथ ही ये दावा भी किया कि सिजेन के कारण ही उनकी पहली शादी भी टूट गई थी। सिजेन से उनकी मुलाकात उनके पति के घर पर ही हुई थी। पति से तलाक लेने के बाद सिजेन अमेरिका में ही उनके साथ शिफ्ट हो गए और 3 अप्रैल 2015 को दोनों ने शादी कर ली। आयशा का ये भी दावा है कि सिजेन ने शादी की बात अपनी मां से भी छिपाई और उन्हें ये बताया कि वो एक रूढ़िवादी महिला है इसके लिए नहीं मानेंगी।
वहीं टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, सिजेन खान ने कहा है कि उन्होंने आयशा से कभी भी शादी नहीं की। वो उनकी एक दीवानी फैन हैं जो पब्लिसिटी पाने के लिए ऐसे दावे कर रही है। मैं ऐसे लोगों के बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहता। गौरतलब हो कि सिजेन हाल ही में अपनी गर्लफ्रेंड से शादी की खबरों को लेकर सुर्खियों में आए थे। उन्होंने बताया था कि वो उत्तरप्रदेश के अमरोहा की एक लड़की से शादी करने वाले हैं जिन्हें तीन साल से डेट भी कर रहे हैं।