
नई दिल्ली। टीवी कपल जय भानुसाली और माही विज आए दिन सुर्खियों में बने रहते हैं। दोनों सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और फैंस के साथ अपनी तस्वीरें व वीडियो शेयर करते रहते हैं। दोनों अपने बच्चों के साथ अक्सर तस्वीरें पोस्ट करते हैं। माही और जय के तीन बच्चे हैं। साल 2017 में दोनों ने दो बच्चों जवीर और खुशी को गोद ले लिया था। इसके बाद साल 2019 में उनकी बेटी तारा का जन्म हुआ। तारा के जन्म के बाद से ही दोनों पर अपने गोद लिए बच्चों के साथ भेदभाव के आरोप लगते हैं। वहीं, पिछले कुछ वक्त से राजवीर और खुशी नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में लोगों ने दोनों से उन्हें लेकर सवाल पूछने शुरू कर दिए।
अब माही विज ने एक इंटरव्यू में अपने गोद लिए बच्चों के बारे में बात की। माही ने बताया, हमने राजवीर और खुशी को गोद नहीं लिया है। उन दोनों के माता-पिता हैं। उनके पिता अभी भी हमारे साथ काम कर रहे हैं। उनकी एक मां हैं। जब से दोनों का जन्म हुआ है, तभी से वो हमारे साथ ही रह रहे थे। वो मुझे मम्मी और जय को पापा कहकर बुलाते हैं। हम सब एक साथ एक खुशहाल परिवार की तरह रहते हैं।
माही ने बताया कि कानूनी रूप से गोद लेने जैसा कुछ नहीं है। मैं नहीं जानती कि यह बात कहां से आई है। इसके बाद माही ने बताया कि जयवीर और खुशी अपने होमटाउन गए हुए हैं। क्योंकि उनके दादा जी का मानना था कि इस कोरोना काल में उनके लिए होमटाउन में रहना सुरक्षित है। अब सोशल मीडिया पर लोग सवाल कर रहे हैं कि हम दोनों ने अपनी बेटी के होने के बाद गोद लिए बच्चों को छोड़ दिया।
इससे पहले भी जय और माही पर अपनी बेटी होने के बाद गोद लिए बच्चों के साथ भेदभाव के आरोप लगे थे। ऐसे में माही और जय ने एक पोस्ट के जरिए लोगों को जवाब दिया था। उन्होंने लिखा था, आप में से बहुत से लोग पूछ रहे हैं। बहुत से लोग कुछ भी मान रहे हैं और कुछ लोग कुछ भी लिख रहे हैं, जोकि बिल्कुल गलत है। तारा के आने के बाद खुशी और राजवीर के लिए हमारी भावनाएं नहीं बदली हैं। खुशी और राजवीर के माता-पिता चाहते थे कि वह कुछ समय उनके साथ बिताएं। इसलिए वो अभी अपने होमटाउन में हैं। जो लोग कह रहे हैं कि हम उन्हें छोड़ दिया है वो पूरी तरह गलत है।