Jannat Zubair: जन्नत जुबैर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह काफी असहज दिखाई दे रही हैं। जैसे ही लोगों ने इसे देखा शो की थू-थू होने लगी। लोग इसे बंद करने की मांग कर रहे हैं।
Samarth Jurel slammed forced love angle with Jannat Zubair: टेलीविजन का पॉपुलर रियलिटी शो 'लाफ्टर शेफ सीजन 3' अपनी कॉमेडी और कुकिंग के लिए अक्सर चर्चा में रहता है, लेकिन इस बार शो एक गंभीर विवाद के घेरे में आ गया है। 'ईद स्पेशल' एपिसोड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कंटेस्टेंट समर्थ जुरेल का व्यवहार अभिनेत्री जन्नत जुबैर के प्रति काफी आपत्तिजनक नजर आ रहा है। जैसे ही इस वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हंगामा मच गया। फैंस समर्थ के साथ-साथ शो के मेकर्स पर भी बुरी तरह भड़क गए और इसे बंद करने की मांग करने लगे।
वायरल क्लिप में देखा जा सकता है कि समर्थ जुरेल, जन्नत के साथ कुछ ऐसी हरकतें कर रहे हैं, जिससे जन्नत साफ तौर पर असहज (Uncomfortable) महसूस कर रही हैं। सोशल मीडिया यूजर्स का आरोप है कि शो के क्रिएटिव्स और मेकर्स जबरदस्ती 'लव एंगल' दिखाने के चक्कर में ऐसी स्क्रिप्ट तैयार कर रहे हैं, जो कलाकारों की गरिमा को ठेस पहुंचाती है। फैंस का कहना है कि फ्लर्टिंग के नाम पर इस तरह का 'घटिया' व्यवहार किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
सोशल मीडिया पर समर्थ जुरेल की जमकर क्लास लगाई जा रही है। एक नाराज यूजर ने कमेंट में लिखा, "मेकर्स टीआरपी के लिए एक्टर्स को घिनौनी स्क्रिप्ट दे रहे हैं। जन्नत साफ तौर पर परेशान दिख रही हैं।" वहीं एक अन्य यूजर ने बेहद कड़े शब्दों में कहा, "सेट पर जन्नत की मां मौजूद थीं, फिर भी इस शख्स ने ऐसी हिम्मत की। इसे रोकना बहुत जरूरी है।" फैंस ने शो के अन्य सीनियर कंटेस्टेंट्स जैसे अली गोनी और करण कुंद्रा से भी अपील की है कि वे बीच में आएं और समर्थ को उनकी हद बताएं, वरना वे बार-बार ऐसी हरकतें करते रहेंगे।
जन्नत जुबैर ने अपने करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट 'फुलवा' से की थी और वे अपनी साफ-सुथरी छवि के लिए जानी जाती हैं। आपको याद दिला दें कि अपने हिट शो 'तू आशिकी' के दौरान उन्होंने एक किसिंग सीन फिल्माने से साफ मना कर दिया था, क्योंकि वह अपने मूल्यों से समझौता नहीं करना चाहती थीं। यही वजह है कि उनके फैंस आज समर्थ के इस बर्ताव से और भी ज्यादा आहत हैं।
फिलहाल, इस पूरे मामले पर समर्थ जुरेल या शो के मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन इंटरनेट पर जिस तरह से विरोध की लहर चल रही है, उससे साफ है कि दर्शक अब मनोरंजन के नाम पर किसी भी कलाकार की गरिमा से खिलवाड़ बर्दाश्त करने के मूड में नहीं हैं।