TV न्यूज

जब माता सीता के रोल में नजर आई थीं स्मृति ईरानी

स्मृति ईरानी ने मॉडलिंग से की थी अपने करियर की शुरुआत सीरियल 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' से मिली असली पहचान

2 min read
Mar 25, 2021
Smriti Irani Played Mata Sita

नई दिल्ली: 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' सीरियल से घर-घर में फेमस होने वालीं स्मृति आज भारतीय जनता पार्टी का जाना माना चेहरा हैं। वह काफी वक्त से राजनीति में सक्रिय हैं। लेकिन एक वक्त ऐसा था जब वह छोटे पर्दे पर राज किया करती थीं। उन्होंने कई टीवी सीरियल्स में काम किया। लेकिन क्या आप जानते हैं कि स्मृति ईरानी माता सीता के किरदार में भी नजर आ चुकी हैं।

रवि चोपड़ा ने बनाई दूसरी 'रामायण'
दरअसल, 90 के दशक में रामानंद सागर की 'रामायण' ने टीआरपी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। उस वक्त यह टीवी का नंबर वन शो हुआ करता था। शो के सारे कलाकार भी घर-घर में पॉपुलर हो चुके थे। ऐसे में इसकी लोकप्रियता को देखते हुए एक और रामायण बनाने का फैसला किया गया। इस 'रामायण' का निर्देशन रवि चोपड़ा ने किया था। इसका प्रसारण साल 2001 में किया गया। शो में भगवान राम के किरदार में नितीश भारद्वाज नजर आए थे। नितीश ने 'महाभारत' में कृष्ण का किरदार निभाया था। वहीं, माता सीता के किरदार में स्मृति ईरानी नजर आई थीं।

स्मृति ईरानी को मिली पहचान
सुरिंदर पाल रावण की भूमिका में दिखे थे। हालांकि रामानंद सागर की 'रामायण' का जादू लोगों के दिलों दिमाग से उतरा नहीं था। इसलिए इस वाली रामायण को खास लोकप्रियता नहीं मिल पाई थी। लेकिन इससे स्मृति ईरानी को अच्छी खासी पहचान मिल गई थी। रवि चोपड़ा की 'रामायण' का प्रसारण साल 2001 से 2002 तक हुआ था। सोशल मीडिया पर आज भी स्मृति ईरानी की पुरानी तस्वीरें वायरल होती रहती हैं।

तुलसी के किरदार में रहीं हिट
हालांकि स्मृति ईरानी को असली पहचान मिली थी एकता कपूर के टीवी शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' से। यह एक पारिवारिक सीरियल था, जिसमें स्मृति तुलसी के किरदार में दिखाई दी थीं। 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' सीरियल हिट रहा था। इस सीरियल से स्मृति इतनी पॉपुलर हो गई थीं कि आज भी लोग उन्हें तुलसी के नाम से जानते हैं। एकता कपूर के इस सीरियल का प्रसारण 2000 से 2008 तक हुआ था। इसके अलावा स्मृति ‘क्या हादसा क्या हकीकत’, ‘मेरे अपने’ जैसे कई सीरियल्स में नजर आईं।

मॉडलिंग से की शुरुआत
बता दें कि टेलीविजन से पहले स्मृति मॉडलिंग किया करती थीं। साल 1998 में उन्होंने फेमिना मिस इंडिया सौंदर्य प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। इसमें वह फाइनल तक पहुंचने में कामयाब रहीं लेकिन जीत नहीं पाईं। इसके बाद उन्होंने मीका सिंह के एक म्यूजिक वीडियो में भी काम किया और फिर साल 2000 में सीरियल 'हम है कल आज कल और कल' से उन्होंने टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा।

Published on:
25 Mar 2021 12:40 pm
Also Read
View All