
उदयपुर . शराब तस्करों से घूस लेने वाले आरोपित कांस्टेबल के विरुद्ध एसीबी ने चालान पेश किया। झुंझुनूं चिड़ावा निवासी कानोड़ थाने के तत्कालीन कांस्टेबल अनिल पुत्र हवासिंह जाट को एसीबी ने 26 जून 2013 को कुराबड़ निवासी गिरवर पुत्र बंशीलाल चौधरी से 50 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा था।
परिवादी ने ब्यूरो को बताया कि बांसवाड़ा में पार्टनर विजयसिंह के साथ उसकी शराब दुकान है। 8 मई को आरटीओ कार्यालय से आगे बीयर से भरा ट्रक खड़ा किया था। परमिट नहीं होने पर कांस्टेबल वहां पहुंच गया। उसने ट्रक छोडऩे की एवज में 3 लाख की रिश्वत मांगी।
पैसा नहीं होने पर बाद में देने की गुहार करने पर उसने एक बार ट्रक छोड़ दी। उसके बाद वह लगातार उससे उगाही करता रहा। आग्रह करने पर वह दो लाख पर रजामंद होगा और एक लाख हाथोंहाथ ले लिए। शेष राशि की उगाही करने पर उसने एसीबी को शिकायत कर दी। टीम ने उसे 50 हजार की रिश्वत लेते पकड़ लिया।
दुष्कर्म का आरोपित रिमाण्ड पर
झाड़ोल. ओगणा थानांतर्गत थोबावाड़ा ग्राम पंचायत की युवती से दुष्कर्म के आरोपित कोल्यारी निवासी शाहरुख खां को पुलिस ने मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के रिमाण्ड पर पुलिस को सौंपा गया। थोबावाड़ा निवासी युवती गत दिनों शौच के लिए घर से निकली थी तभी दो बदमाशों ने अपहरण कर लिया। बाद में कोल्यारी ले जाकर शाहरुख ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने सोमवार को आरोपित शाहरुख को गिरफ्तार किया था।
कुएं में गिरने से किशोरी की मौत
सेमारी. थाना क्षेत्र के घोड़ासर गांव के भनात फला में कांता (18) पुत्री रामलाल मीणा की कुएं में गिरने से मौत हो गई। किशोरी दोपहर में मवेशियों को पानी पिलाने गई थी तभी पैर फिसलने से कुएं में गिर गई। कुछ ही दूरी पर खेल रहे बालकों ने पड़ोसियों को आवाज लगाई। पड़ोसी व परिजन मौके पर पहुंचे व किशोरी को निकाला तथा सेमारी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची व पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द किया।