रामपुरा रोड पर देर रात हादसा, धमाके से दहशत का माहौल, तीन युवक मौके से फरारउदयपुर. शहर के रामपुरा रोड पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार लग्जरी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मकान में घुस गई। कार ने पहले दीवार तोड़ी और फिर घर के अंदर पलट गई। हादसे के समय तेज धमाके की […]
रामपुरा रोड पर देर रात हादसा, धमाके से दहशत का माहौल, तीन युवक मौके से फरार
उदयपुर. शहर के रामपुरा रोड पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार लग्जरी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मकान में घुस गई। कार ने पहले दीवार तोड़ी और फिर घर के अंदर पलट गई। हादसे के समय तेज धमाके की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए।
जानकारी के अनुसार देर रात अचानक हुए धमाके से मकान में रहने वाले लोग घबरा गए और बाहर निकलकर देखा तो उनके घर के अंदर ही कार पलटी हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार में सवार तीन युवक दुर्घटना के तुरंत बाद मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम सुबह मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को मकान से बाहर निकालकर थाने ले जाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वाहन के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
आए दिन होते हादसे
क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। पूर्व पार्षद गिरीश भारती ने बताया कि रामपुरा रोड स्थित होटलों में देर रात तक पार्टियां चलती हैं, जहां से कई लोग नशे की हालत में वाहन चलाते हुए निकलते हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक माह में इस रोड पर 20 से अधिक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, इससे क्षेत्रवासियों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्ती बढ़ाने और सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।