21 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Udaipur / Rajasthan: इधर मोर्चरी में पिता का शव… उधर बेटी ले रही थी शादी के फेरे, ढांढस बंधाने वाले भी रो पड़े

Rajasthan: इधर मोर्चरी में पिता का शव… उधर बेटी ले रही थी शादी के फेरे, ढांढस बंधाने वाले भी रो पड़े

उदयपुर के पटियार गांव में एक पिता की बेटी की शादी देखने की ख्वाहिश अधूरी रह गई। शुक्रवार सुबह मंडप की रस्मों में शामिल हुए शंकरलाल मेघवाल की बेटी की बिंदोली निकलने के करीब एक घंटे बाद अचानक मौत हो गई।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

उदयपुर

•

image

Kamal Mishra

•

Updated: 21 Nov 2026, 10:34 PM IST

Udaipur death

Udaipur: मृतक शंकरलाल मेघवाल (फोटो-पत्रिका)

उदयपुर। घर में शादी की खुशियां थीं। आंगन में मंडप सजा था। बेटी की बिंदोली निकली तो पिता शंकरलाल मेघवाल भी परिवार के साथ खुशियों में शामिल थे। उन्हें क्या पता था कि बेटी की शादी की खुशियां देखने का उनका सपना कुछ ही देर में अधूरा रह जाएगा। बिंदोली निकलने के करीब एक घंटे बाद शंकरलाल अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिस घर से अगले दिन बेटी की डोली उठनी थी, वहां देखते ही देखते मातम पसर गया।

यह हृदयविदारक घटना उदयपुर जिले के ऋषभदेव उपखंड के पटियार (भूधर) गांव की है। यहां शुक्रवार को शंकरलाल मेघवाल के आकस्मिक निधन ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। पिता की मौत के बाद सबसे बड़ा सवाल बेटी प्रियंका की शादी को लेकर खड़ा हो गया। विवाह शनिवार को तय था। दूल्हा और बारात परसाद के चनावदा गांव से आने वाले थे। घर में शादी की तैयारियां पूरी थीं, लेकिन अचानक बदले हालात ने परिवार के सामने मुश्किल फैसला खड़ा कर दिया।

मंडप की खुशियों के बीच थम गई जिंदगी

गांव के जगदीश मेघवाल के अनुसार, शंकरलाल पुत्र स्वर्गीय भेरा मेघवाल शुक्रवार सुबह से ही बेटी की शादी की रस्मों में उत्साह के साथ शामिल थे। मंडप की रस्में पूरी हुईं और शाम को बिंदोली निकाली गई। बिंदोली के करीब एक घंटे बाद ही शंकरलाल अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। परिवार के लोग उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मोर्चरी में रखा पिता का शव, घर में पूरी हुई शादी

पिता के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। एक तरफ घर में शोक था तो दूसरी तरफ बेटी का विवाह भी सामने था। परिजनों ने परिस्थितियों को देखते हुए शंकरलाल के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाने का फैसला किया। इसके बाद दूल्हे और उसके पांच परिजनों को बुलाया गया। शुक्रवार रात को ही सादगी के साथ प्रियंका की शादी की रस्में पूरी करवाई गईं।

नम आंखों से बेटी की विदाई, फिर पिता को अंतिम विदाई

जिस घर में बेटी की शादी के गीत गूंजने थे, वहां हर तरफ आंसू और खामोशी थी। प्रियंका की विदाई की रस्म भी शुक्रवार रात नम आंखों के बीच पूरी की गई। परिवार और रिश्तेदारों के लिए यह बेहद कठिन घड़ी थी। बेटी की नई जिंदगी की शुरुआत के साथ ही परिवार को पिता के बिछड़ने का गम भी झेलना पड़ा। शनिवार को शंकरलाल का अंतिम संस्कार किया गया। पटियार गांव की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को भावुक कर दिया। परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

यह वीडियो भी देखें :