
उदयपुर. घर की दीवारों का रंग बदलना हो, पुराने फर्नीचर को नया रूप देना हो या छोटे कमरे को आकर्षक बनाना हो, अब इसके लिए इंटीरियर डिजाइनर के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही। मोबाइल पर मौजूद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) तकनीक लोगों को घर बैठे ही इंटीरियर के नए विकल्प दिखा रही है। लोग अपने कमरे या घर की फोटो अपलोड कर एआइ से अलग-अलग डिजाइन तैयार करवा रहे हैं। कुछ ही पलों में एक ही कमरे का आधुनिक, पारंपरिक, मिनिमल और आकर्षक रूप स्क्रीन पर दिखाई देने लगता है। बदलती जीवनशैली के साथ घरों की सजावट को लेकर लोगों की पसंद भी बदल रही है। खासकर युवा और नए घर खरीदने वाले लोग अब इंटीरियर को लेकर नए प्रयोग कर रहे हैं। पहले घर में बदलाव करने के लिए रंग, पर्दे, फर्नीचर और सजावटी सामान के विकल्प बाजार में जाकर देखने पड़ते थे। अब एआइ आधारित डिजाइन टूल की मदद से बिना कोई सामान खरीदे पहले ही यह देखा जा सकता है कि घर में बदलाव के बाद कैसा लुक आएगा।
एआइ आधारित इंटीरियर टूल में कमरे की फोटो अपलोड करने के बाद पसंद का डिजाइन चुना जा सकता है। कोई आधुनिक लुक चाहता है तो कोई पारंपरिक सजावट के साथ घर को नया रूप देना चाहता है। दीवारों के रंग, सोफा, पर्दे, लाइटिंग और फर्नीचर की जगह बदलकर भी अलग-अलग डिजाइन तैयार किए जा सकते हैं। इससे लोगों को यह समझने में मदद मिलती है कि कौन-सा रंग और सजावट उनके कमरे में बेहतर लगेगी।/
कम बजट में नया लुक
इंटीरियर डिजाइनिंग पर खर्च करने से पहले लोग अब डिजिटल विकल्पों से योजना बना रहे हैं। मसलन, पुराने सोफे को बदले बिना उसके आसपास की सजावट बदलना, खाली दीवार पर कौन-सा रंग अच्छा लगेगा या छोटे कमरे में कैसा फर्नीचर रखना चाहिए, ऐसे विकल्प एआइ से पूछे जा रहे हैं। इससे अनावश्यक खरीदारी से बचने और उपलब्ध सामान का बेहतर इस्तेमाल करने में मदद मिल सकती है। शहरों में छोटे फ्लैट और सीमित जगह वाले घरों में इंटीरियर की योजना बनाना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में एआइ की मदद से कम जगह में अलमारी, बेड, सोफा और स्टोरेज की व्यवस्था के अलग-अलग विकल्प देखे जा सकते हैं। खासकर पहली बार घर सजाने वाले युवा इन डिजिटल प्रयोगों को उपयोगी मान रहे हैं।
अंतिम रूप न मानें
एआइ से तैयार डिजाइन शुरुआती योजना बनाने और नए विचार तलाशने में उपयोगी हैं, लेकिन इन्हें वास्तविक निर्माण का अंतिम आधार नहीं मानना चाहिए। डिजिटल तस्वीर में कमरे की वास्तविक माप, रोशनी, हवा, दीवारों की मजबूती और सामान की गुणवत्ता का सही आकलन हमेशा संभव नहीं होता। इसलिए बड़े बदलाव या निर्माण से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है।
- विकास सैनी, इंटीरियर विशेषज्ञ