उदयपुर

Weather News: राजस्थान में टूटा पिछले 11 सालों का रेकॉर्ड, पहली बार सबसे ठंडा रहा अप्रेल

Weather Update: अप्रेल में हमेशा से प्रचंड गर्मी हावी रही है। इसके साथ ही गर्म हवाओं के थपेड़े परेशान करते हैं तो घर के बाहर कदम रखना भी मुश्किल होता है। लेकिन इस बार अप्रेल माह में गर्मी के बजाय सर्दी का अहसास हो रहा है। घरों में जहां एसी और कूलर चल रहे थे, वहीं अब ये बंद पड़ गए हैं और पंखों की रफ्तार भी धीमी हो चुकी है।
2 min read
• •
Updated: 30 Apr 2023, 11:51 AM IST
weather

फतहसागर/उदयपुर. Weather Update: अप्रेल में हमेशा से प्रचंड गर्मी हावी रही है। इसके साथ ही गर्म हवाओं के थपेड़े परेशान करते हैं तो घर के बाहर कदम रखना भी मुश्किल होता है। लेकिन इस बार अप्रेल माह में गर्मी के बजाय सर्दी का अहसास हो रहा है। घरों में जहां एसी और कूलर चल रहे थे, वहीं अब ये बंद पड़ गए हैं और पंखों की रफ्तार भी धीमी हो चुकी है। रात में ठंडक से सर्दी का अहसास होने लगा है। दरअसल, प्रदेश में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ ने मात्र तीन दिनों के अंदर ही गर्मी को ठंडा कर दिया है। ऐसा कई सालों बाद हुआ है जब अप्रेल में हुई बारिश ने मौसम में ठंडक घोल दी है। इससे पहले मार्च में भी पूरे माह पश्चिमी विक्षोभ का असर रहा, जिससे गर्मी का प्रभाव ही नहीं दिखा।

इस माह अब तक 40 डिग्री से नीचे ही रहा तापमान: तापमान की बात करें तो जहां अप्रेल माह में हर साल अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहे हैं। वहीं, इस साल अब तक तापमान 40 डिग्री से नीचे ही रहा है। अब तक इस सीजन का सबसे अधिक तापमान 38 डिग्री से. तक ही दर्ज किया गया है। वहीं, पिछले 9 सालों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंचा है। ऐसे में ये कहा जा सकता है कि इस बार अब तक का सबसे ठंडा अप्रेल रहा है। साथ ही बारिश की बात करें तो वर्ष 2019 में 36 एमएम बारिश इस माह हुई थी। लेकिन, मौसम में इतनी ठंडक नहीं घुली थी, जितनी अभी घुली है।

गत वर्षों में अप्रेल का तापमान
वर्ष--अधिकतम तापमान--बारिश एमएम में
2022--42.1--000.2
2021--40.0--000.0
2020--40.3--005.9
2019--41.6--036.1
2018--42.4--001.4
2017--43.8--000.0
2016--41.4--000.0
2015--42.0--010.0
2014--41.0--06.4
2013--39.5--15.1
2012--40.0--2.8

Published on: