
सलूंबर से बीजेपी विधायक शांता देवी मीणा के पुत्र कपिल मीणा (पत्रिका फोटो)
Rajasthan Panchayat Election Result 2026: सेमारी (सलूंबर): राजस्थान पंचायतीराज चुनाव 2026 के तृतीय चरण में सलूंबर से बीजेपी विधायक शांता देवी मीणा के पुत्र कपिल मीणा सेमारी सरपंच पद का चुनाव हार गए। उन्हें पंकज मीणा ने शिकस्त दी। विधायक पुत्र के चुनाव मैदान में होने के चलते इस मुकाबले पर क्षेत्र की नजरें टिकी थीं, लेकिन परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहा। चुनाव में मिली हार क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। इधर, पंचायत समिति सदस्य पद के चुनाव में कुंडा से विधायक की पुत्री प्रीति मीणा भी मैदान में हैं। उनका चुनाव संपन्न हो चुका है, लेकिन परिणाम अभी घोषित नहीं हुआ है। उनका राजनीतिक भविष्य फिलहाल ईवीएम में बंद है।
पंचायतीराज चुनाव के तहत ग्राम पंचायत सेमारी में पंकज मीणा सरपंच पद पर निर्वाचित हुए। वहीं, उपसरपंच पद पर नरेंद्र जैन चुने गए। इस पर ग्रामीणों ने गाजे-बाजे के साथ जनप्रतिनिधियों का फूल-मालाओं और पगड़ी से स्वागत किया। उदयपुर जिले की नयागांव, खेरवाड़ा, ऋषभदेव और कल्याणपुर पंचायत समितियों में गुरुवार देर रात सरपंच चुनाव के नतीजे घोषित हुए।
वहीं, खेरवाड़ा के कांग्रेस विधायक दयाराम परमार की भाभी और नयागांव की पूर्व प्रधान कमला परमार महुवाल ग्राम पंचायत से चुनाव हार गईं। उन्हें जमना देवी ने हराया। नयागांव की ही सरेरा पंचायत में लगातार चार बार सरपंच रहीं और भाजपा नयागांव मंडल अध्यक्ष दुर्गा देवी भगोरा को भी हार मिली। यहां कांतिलाल भगोरा जीते।
धरियावद पंचायत समिति की 53 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए हुए मतदान के बाद गुरुवार देर रात तक मतगणना का दौर चला। कई जगहों पर कांटे की टक्कर के चलते शुक्रवार तड़के तक परिणामों की घोषणा का सिलसिला जारी रहा। चुनावी नतीजे आते ही जहां एक ओर विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी कर खुशियां मनाईं, वहीं कई जगह हार-जीत का अंतर बेहद कम रहने पर समर्थकों में मायूसी भी छा गई। जीत के बाद कई नवनिर्वाचित सरपंच अपने समर्थकों के साथ अपने आराध्य देवी-देवताओं के दर्शन करने पहुंचे।
राजनीतिक समीकरणों की बात करें तो ब्लॉक की 53 ग्राम पंचायतों में से भाजपा समर्थित सरपंचों की जीत का आंकड़ा सबसे ऊपर रहा, जिससे स्थानीय स्तर पर भाजपा को खासी बढ़त मिली है। इसके बाद दूसरे नंबर पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने कई ग्राम पंचायतों में बाजी मारी। इस चुनाव का सबसे बड़ा और हैरान करने वाला पहलू भारत आदिवासी पार्टी का प्रदर्शन रहा। पहली बार सरपंच चुनाव में उतरी भारत आदिवासी पार्टी ने करीब एक दर्जन ग्राम पंचायतों में शानदार जीत हासिल करते हुए पारंपरिक राजनीतिक दलों को कड़ी टक्कर दी है।
मतगणना और परिणामों के बाद शुक्रवार को धरियावद ब्लॉक की सभी 53 ग्राम पंचायतों में उपसरपंच के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की गई। सुगम और शांतिपूर्ण प्रक्रिया के तहत कई पंचायतों में आम सहमति से निर्विरोध उपसरपंच भी चुने गए।
नयागांव। क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुलई में 24 वर्षीय सीमा कुमारी गरासिया ने सरपंच पद की कमान संभाली। वह खेरवाड़ा क्षेत्र की सबसे कम उम्र की सरपंच चुनी गईं। शुक्रवार को ग्राम पंचायत सुलई में नवनिर्वाचित सरपंच ने अपने पद और गोपनीयता की शपथ ली। उनके साथ ही उपसरपंच और अन्य वार्ड पंचों ने भी विधिवत रूप से शपथ ग्रहण की।
पंचायतीराज चुनाव के तहत मूंगाणा ग्राम पंचायत में सरपंच पद पर परमेश्वर मीणा तथा उपसरपंच पद पर राजुल देवी जैन ने जीत दर्ज की। वहीं, 11 वार्डों में निर्वाचित वार्ड पंचों के साथ नवनिर्वाचित सरपंच और उपसरपंच का विजय जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान अजीतनाथ मंदिर, आदिनाथ मंदिर, रणसोड़ भगवान मंदिर एवं अंबा माताजी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया गया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों के साथ नगर के विभिन्न मार्गों से विजय जुलूस निकाला गया। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
6 Nov 2026, 9:33 PM IST
Published on:
6 Nov 2026, 9:05 PM IST
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026




