उदयपुर

होमगार्ड भर्ती में गड़बड़ी का प्रयास, युवक पर केस दर्ज

Mar 31, 2026
अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने खुद को टेक्निकल टीम का सदस्य बताकर भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने और किसी अभ्यर्थी को अनुचित लाभ पहुंचाने का प्रयास किया।
source patrika photo

ग्राउंड में घुसकर अभ्यर्थी को चिप लगाने का आरोप, खुद को बताया टेक्निकल टीम का सदस्य


उदयपुर. गांधी ग्राउंड में चल रही होमगार्ड नामांकन प्रक्रिया के दौरान गड़बड़ी करने का प्रयास सामने आया है। हाथीपोल थाना पुलिस ने अनधिकृत रूप से भर्ती प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने और अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने की कोशिश के आरोप में एक युवक के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार कमांडेंट होमगार्ड एवं नामांकन बोर्ड के चेयरमैन प्रणय जसौरिया ने रिपोर्ट दी। बताया कि 16 मार्च से गांधी ग्राउंड में भर्ती प्रक्रिया चल रही है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता व माप-तौल की प्रक्रिया की जा रही है। 29 मार्च को उदयपुर व सिरोही जिले की 267 महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा आयोजित थी। इसी दौरान टाइमिंग टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी अंशु कुमार ने अपने हेड जेबी खान को सूचना दी कि मेनार निवासी नरेश मेनारिया नामक युवक, जिसे 18 मार्च को कंपनी से निकाल दिया गया था, वह अनधिकृत रूप से ग्राउंड में मौजूद है और एक महिला अभ्यर्थी को चिप लगाने का प्रयास कर रहा है। सूचना पर मौके पर ही युवक को बुलाकर पूछताछ की गई। उसने खुद को मेडिकल टीम का सदस्य बताया, लेकिन जांच में गलत पाया गया। मेडिकल टीम ने भी उसे अपना सदस्य होने से इनकार कर दिया।

भाई-बहन थे अभ्यथी

पूछताछ में युवक ने बताया कि उसकी बहन ज्योति मेनारिया का फिजिकल टेस्ट था, जिसके कारण वह ग्राउंड में आया। हालांकि पहले ज्योति ने उसे पहचानने से इनकार किया, बाद में भाई होने की बात स्वीकार की। जांच में सामने आया कि युवक खुद भी 31 मार्च को होने वाली भर्ती प्रक्रिया का अभ्यर्थी है।

---

अनुचित लाभ पहुंचाने का प्रयास

अधिकारियों के अनुसार आरोपी ने खुद को टेक्निकल टीम का सदस्य बताकर भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने और किसी अभ्यर्थी को अनुचित लाभ पहुंचाने का प्रयास किया। इसके अलावा उसे पूर्व में भी कई बार ग्राउंड में संदिग्ध रूप से देखा गया था। मामले में हाथीपोल थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
31 Mar 2026 05:56 pm
Published on:
31 Mar 2026 05:56 pm