22 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Udaipur / उदयपुर : दाम नरम तो टूटा भरम, कैंसल हो रहे सोने-चांदी के पुराने ऑर्डर, इमर्जेंसी का बहाना बना रहे ग्राहक

उदयपुर : दाम नरम तो टूटा भरम, कैंसल हो रहे सोने-चांदी के पुराने ऑर्डर, इमर्जेंसी का बहाना बना रहे ग्राहक

सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट के बाद ज्वेलरी बाजार में पुराने ऑर्डर कैंसिल कराने के मामले सामने आ रहे हैं। ऊंचे भाव पर बुकिंग कराने वाले कुछ ग्राहक अब पारिवारिक इमरजेंसी, बीमारी और पैसों की जरूरत का हवाला देकर एडवांस राशि वापस मांग रहे हैं। ज्वेलर्स का कहना है कि बुकिंग के बाद वे भी तय भाव पर खरीदारी करते हैं। सराफा एसोसिएशन के अनुसार, ऑर्डर रद्द होने पर भाव के अंतर का नुकसान एडवांस से काटा जाएगा।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

उदयपुर

•

image

Mukesh Gaur

•

Updated: 22 Nov 2026, 5:56 PM IST

gold n silver

demo pic

उदयपुर. जनवरी 2026 के अंत में सोना 1.80 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 4.04 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। वहां से अब तक सोने में लगभग 53,000 से 55,000 और चांदी में 2.30 लाख से 2.46 लाख तक की गिरावट आ चुकी है। पिछले 15 दिनों में हालात ये हैं कि 5-6 नवंबर को जो सोना 1.42 से 1.45 लाख के आसपास था, वह महज दो हफ्तों में करीब 18,000 से 20,000 टूटकर1.22– 1.25 लाख पर आ गया है। इसी तरह चांदी भी 15 दिनों में 25,000 से 30,000 प्रति किलो तक सस्ती हुई है।

इस गिरावट के बीच बाजार में ऐसे मामले सामने आ रहे हैं कि जिन ग्राहकों ने कुछ सप्ताह या एक महीने भर पहले ऊंचे भावों पर ज्वेलरी की बुकिंग या ऑर्डर दिए थे, उनमें से कुछ लोग कम दाम देखकर ऑर्डर कैंसिल करवाने या रिफंड मांगने आ रहे हैं।

कैसे सामने आ रहे हैं बहाने और मामले

ज्वेलर्स का कहना है कि कीमतें घटने पर ऑर्डर वापस लेने की स्थिति में ग्राहक सीधे तौर पर भाव कम होने की बात कहने के बजाय अलग-अलग कारण और पारिवारिक परिस्थितियों का हवाला दे रहे हैं और ऑर्डर कैंसल करा रहे हैं। हालांकि ज्वेलर्स का कहना है कि ऐसा करना हमारे लिए भी नुकसान देय होगा।

केस 1 : पारिवारिक आपात स्थिति का हवाला

एक मामले में करीब तीन सप्ताह पहले ज्वेलरी 8 लाख की ज्वेलरी का ऑर्डर दिया था। करीब 40 ग्राम सोने की ज्वैलरी बनवानी थी। इसके बदले उनसे बुकिंग अमाउंट के तौर पर एक लाख रुपए लिए थे। अब उस ग्राहक ने दाम घटने के बाद हमसे ऑर्डर कैंसल करने की बात कही। उन्होंने घर में इमरजेंसी का हवाला दिया और रुपयों की जरूरत होना बताया। ग्राहक ने भावुक होकर कहा कि पिछले कई सालों से ज्वेलरी आपसे ही खरीदते आ रहे हैं लेकिन अभी आप बुकिंग अमाउंट लौटा दें। ज्वेलर का कहना है कि जानकार होने के कारण कम बुकिंग अमाउंट में ऑर्डर ले लिया था। इसी का फायदा अब ग्राहक उठा रहे हैं।

केस 2 : स्वास्थ्य और अन्य कारणों का जिक्र

एक ग्राहक ने 15 दिन पहले एक किलो चांदी के कढे और 500 ग्राम की करधनी का ऑर्डर दिया था। उस वक्त उनसे 1.50 लाख रुपए बुकिंग अमाउंट लिया था। पिछले दिनों चांदी की कीमतों में हुई गिरावट के बाद वे ऑर्डर कैंसल कराने आए। उन्होंने तबीयत खराब होने का कारण बताते हुए ऑर्डर कैंसल करने की बात कही। और साथ ही पैसों की सख्त जरूरत का कहकर बुकिंग अमाउंट वापस करने की बात की।

अमाउंट से काटेंगे नुकसान

बिना एडवांस के आमतौर पर बुकिंग नहीं होती है और जब कोई ग्राहक बुकिंग कराता है, तो तय भाव के अनुसार सुनार भी आगे खरीदी की प्रक्रिया की जाती है, क्योंकि सोना-चांदी कोई घर में पैदा होने वाली चीज नहीं है। यदि कोई ग्राहक भाव घटने के कारण बुकिंग कैंसिल कराना चाहता है, तो एडवांस राशि में से वर्तमान भाव के अंतर की राशि काटकर शेष रकम रिफंड करने का नियम अपनाया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भाव बढ़ जाते हैं, तब ग्राहक वही पुराना भाव चाहता है और दुकानदार भी सौदा पूरा करता है, इसलिए एकतरफा रूप से नुकसान दुकानदार पर नहीं डाला जा सकता।

यशवंत आचलिया, अध्यक्ष, सराफा एसोसिएशन