उदयपुर

CBSE Board सीबीएसई बोर्ड एग्जाम्स 15 से होंगे शुरू, स्टूडेंट्स इन जरूरी बातों पर दें ध्यान..

ऑल द बेस्ट टू बोर्ड स्टूडेंट्स, रिलेक्स होकर व बिना तनाव के दें एग्जाम्स, उदयपुर में 21 केंद्र, 10वीं में कुल 4960 और 12वीं में 4529 विद्यार्थी

2 min read
Feb 14, 2024

सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं गुरुवार से शुरू हो रही हैं। कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से 13 मार्च तक चलेंगी। वहीं, 12वीं बोर्ड की परीक्षा 2 अप्रेल तक होंगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे रखा गया है। उदयपुर के कुल 9489 विद्यार्थी 21 सेंटर्स पर परीक्षा देंगे। इसी क्रम में दिल्ली पब्लिक स्कूल, उदयपुर भी परीक्षा केन्द्र बनाया गया है, जिसमें कक्षा दसवीं व बारहवीं के 863 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।

विद्यार्थियों के सामने कई चुनौतियां, लेकिन सफलता असंभव नहीं

इस समय विद्यार्थियों के सामने निश्चित समयावधि में पाठ्यक्रम को पढ़ना, प्रश्नपत्र का प्रारूप, प्रश्नों का स्तर, आंतरिक विकल्पों में से प्रश्नों का चयन, प्रस्तुतीकरण, समय-नियोजन और माता-पिता व शिक्षकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का दबाव आदि कई चुनौतियां होती है। इनको ध्यान में रखते हुए परीक्षा से पूर्व तैयारी करते समय तथा परीक्षा देने के समय यदि छात्र कुछ बातों का ध्यान रखें तो एक सीमा तक परीक्षा से संबंधित तनाव व चुनौतियों को कम कर अपनी सफलता के प्रति आश्वस्त हो सकते हैं।

ये बातें ध्यान में रखें -

- सर्व प्रथम एक छात्र को अनुशासित व विनम्र होना चाहिए। अनुशासन से अध्ययन संबंधी समस्त कार्यों को सुचारु रूप से समायोजित किया जा सकता है। किसी तरह का तनाव ना रखें।

- प्रत्येक विषय के अध्ययन के लिए समय का बंटवारा बराबर हो। अध्ययन की नियमित प्रक्रिया के लिए समय सारिणी का निर्माण आवश्यक है। उसमें समयानुसार परिवर्तन अपेक्षित है।

- प्रत्येक विषय के पाठ्यक्रम, ब्लू प्रिंट, प्रश्नपत्र प्रारूप आदि से भलीभांति परिचित होना आवश्यक है। इसके आधार पर ही तैयारी की योजना बनी हो।

- प्रतिदर्श प्रश्नपत्रों का अभ्यास करने से हमारी तैयारी, समय नियोजन, प्रस्तुतीकरण, हस्तलेख, त्रुटियों आदि के विषय में समय रहते सुधार संभव है।

- लिखित अभ्यास व सुधार की सतत प्रक्रिया से आत्म - विश्वास में वृिद्ध होती है।

- स्वाध्याय तो आवश्यक है ही किंतु अध्ययन में कोई समस्या या उलझन हो तो विषय विशेषज्ञ शिक्षक से संपर्क कर समाधान अवश्य प्राप्त करना चाहिए।

- परीक्षा के एक दिन पहले चयनित पुनरावृत्ति और मख्य बिन्दुओं पर ध्यान देना एवं रात्रि में कम से कम छह घंटे का विश्राम अत्यंत आवश्यक है ताकि आप पूर्ण संतुलित मन मस्तिष्क से सभी उत्तर दे सकें।

- एक छात्र की दिनचर्या सदाचारपूर्ण, नियमित व संयमित हो, खान घर का बना ताजा व पौष्टिक हो, अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रतिदिन थोड़ा व्यायाम करना आवश्यक है।- छात्र को सदैव सकारात्मक विचारधारा रखनी चाहिए। घर पर भी सकारात्मक, सुरक्षित, स्नेहिल वातावरण हो।

- संजय नरवरिया, विषय विशेषज्ञ

Published on:
14 Feb 2024 11:04 pm
Also Read
View All